देशनोक नगरपालिका अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की सरिता निर्वाचित, 17 वोट से दर्ज की जीत

श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। देशनोक नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए सोमवार को हुए चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी सरिता मूंधड़ा निर्वाचित हुईं। सरिता ने भाजपा प्रत्याशी चंदा देवी को 17-8 के अंतर से हराया। सरिता को कुल 17 वोट, जबकि चंदा देवी को 8 वोट मिले। इस तरह सरिता ने 9 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। देशनोक नगरपालिका में कुल 25 वार्ड हैं। हालिया निकाय चुनाव में कांग्रेस ने 15 वार्डों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा के खाते में 7 और निर्दलीयों के खाते में 3 वार्ड आए थे। अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस की सरिता और भाजपा की चंदा देवी आमने-सामने थी। वार्ड चुनाव में आमने-सामने रही थी सरिता और चंदा देवी
खास बात यह रही कि अध्यक्ष पद की दोनों प्रत्याशी इससे पहले नगरपालिका के वार्ड संख्या 24 में पार्षद पद के चुनाव में भी आमने-सामने थीं। वार्ड 24 में भाजपा की चंदा देवी ने कांग्रेस की सरिता को 9 वोटों से हराया था। चंदा देवी को 293 और सरिता को 284 वोट मिले थे। लेकिन अध्यक्ष पद के चुनाव में तस्वीर पूरी तरह बदल गई और पार्षदों के मतदान में कांग्रेस की सरिता को 17 मत मिले, जबकि भाजपा की चंदा देवी को 8 मत ही प्राप्त हुए।
कांग्रेस समर्थकों में खुशी की लहर
सरिता के अध्यक्ष निर्वाचित होने की घोषणा के बाद कांग्रेस समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने जीत की खुशी में जश्न मनाया और एक-दूसरे को बधाइयां दीं। कांग्रेस के लिए यह परिणाम इसलिए भी महत्वपूर्ण रहा क्योंकि 25 सदस्यीय नगरपालिका में पार्टी ने पहले ही 15 पार्षदों के साथ बहुमत हासिल कर लिया था।
अब विकास कार्यों पर रहेगी नजर
अध्यक्ष पद पर सरिता के निर्वाचन के बाद देशनोक नगरपालिका में कांग्रेस के नेतृत्व में बोर्ड का गठन होगा। स्थानीय स्तर पर शहर की सफाई, सडक़, पेयजल, नाली व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दे नए बोर्ड के सामने प्रमुख रहेंगे। देशनोक के 25 वार्डों में कांग्रेस 15 सीटों के साथ बहुमत में है, जबकि भाजपा के पास 7 और निर्दलीयों के पास 3 सीटें हैं।

You might also like