नोखा नगरपालिका में सीपीआईएम के बजरंग सोनी बने अध्यक्ष, 19 वोट से दर्ज की जीत
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। नोखा नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में सीपीआईएम समर्थित विकास मंच के प्रत्याशी बजरंग सोनी ने भाजपा प्रत्याशी दिनेश सुथार को 19 वोटों से हराकर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। बजरंग सोनी को 32 वोट, जबकि भाजपा के दिनेश सुथार को 13 वोट मिले। अध्यक्ष पद के लिए निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में रहे रेवंतराम नाई को एक भी वोट नहीं मिला। नोखा नगरपालिका में कुल 45 वार्ड हैं और हालिया पार्षद चुनाव में सीपीआईएम को 29, भाजपा को 13 तथा निर्दलीयों को 3 सीटें मिली थी।
प्रमाण पत्र सौंपा, निर्वाचन प्रक्रिया हुई पूरी
परिणाम घोषित होने के बाद निर्वाचन अधिकारी प्रिया बजाज, तहसीलदार सुनीता चारण और रमेश व्यास ने नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष बजरंग सोनी को जीत का प्रमाण पत्र प्रदान किया। इस दौरान निवर्तमान पालिकाध्यक्ष नारायण झंवर भी मौजूद रहे। प्रमाण पत्र मिलने के बाद समर्थकों ने बजरंग सोनी को बधाई दी।
जीत के बाद आतिशबाजी, मिठाई बांटकर मनाई खुशी
बजरंग सोनी की जीत की घोषणा होते ही विकास मंच समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने जमकर आतिशबाजी की और एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाकर जीत का जश्न मनाया। समर्थकों ने नारे लगाते हुए बजरंग सोनी को बधाई दी और फूल-मालाओं से स्वागत किया। नगरपालिका से निकलते ही नारायण झंवर और बजरंग सोनी को समर्थको ने कंधो पर उठा कर जुलस के रूप में कस्बे के विभिन्न मार्गो से होते हुवे राजेंद्र पेट्रोल पम्प पहुंचे जहाँ पूर्व संसदीय सचिव कन्हैया लाल झंवर और सीकर सांसद अमराराम ने इस जीत को नोखा की जीत बताया और गुलाल लगाकर एक दूजे को बधाई दी।
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम, शहर के रास्तों पर बेरिकेडिंग
अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर प्रशासन पूरे दिन अलर्ट मोड पर रहा। नगरपालिका की ओर जाने वाले सभी प्रमुख रास्तों पर बेरिकेडिंग की गई तथा आवागमन और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। मतदान और परिणाम के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। मौके पर सीओ जनरैल सिंह, नोखा थानाधिकारी गोविंद सिंह, पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ सहित भारी पुलिस जाब्ता मौजूद रहा। प्रशासन की ओर से चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी रखी गई।
नारायण झंवर बोले-यह नोखा की जनता की जीत
जीत के बाद निवर्तमान पालिकाध्यक्ष नारायण झंवर ने कहा कि यह केवल विकास मंच की नहीं, बल्कि पूरे नोखा की जनता की जीत है। उन्होंने कहा कि जनता ने विकास मंच को दो-तिहाई बहुमत दिया और लगातार पांचवीं बार नगरपालिका में बोर्ड बनाने का अवसर दिया है। नारायण झंवर ने कहा कि जनता ने नोखा में नशे के खिलाफ लड़ाई के मुद्दे पर विकास मंच को समर्थन दिया है। आने वाले समय में नशे के खिलाफ लड़ाई को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर करने, टूटी सडक़ों की समस्या दूर करने और अन्य विकास कार्यों को गति देने का प्रयास रहेगा। उन्होंने कहा कि कन्हैयालाल झंवर के नेतृत्व में नोखा के विकास को नई दिशा देने का प्रयास किया जाएगा।
कन्हैयालाल झंवर ने जनता और समर्थकों का जताया आभार
विकास मंच के प्रमुख कन्हैयालाल झंवर ने बजरंग सोनी की जीत के बाद समर्थकों और नोखा की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास से यह सफलता मिली है। गौरतलब है कि चुनाव से पहले ही कन्हैयालाल झंवर ने ओबीसी वर्ग से बजरंग सोनी को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाए जाने की घोषणा की थी और 15 सितंबर को उनका नामांकन दाखिल कराया गया था।
सांसद अमराराम पहुंचे नोखा, झंवर से की मुलाकात
जीत के बाद सीकर से माकपा सांसद अमराराम भी नोखा पहुंचे। उन्होंने पूर्व संसदीय सचिव एवं माकपा नेता कन्हैयालाल झंवर से मुलाकात कर नोखा में माकपा समर्थित बोर्ड बनने पर बधाई दी।
पांचवीं बार बना विकास मंच का बोर्ड
नोखा नगरपालिका के 45 वार्डों में सीपीआईएम समर्थित उम्मीदवारों ने 29 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा को 13 और निर्दलीयों को 3 सीटें मिली थीं। अध्यक्ष चुनाव में बजरंग सोनी को 32 वोट मिलने के साथ ही नगरपालिका की सत्ता पर विकास मंच का बोर्ड लगातार पांचवीं बार कायम हुआ। अब नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष बजरंग सोनी के सामने शहर की सफाई व्यवस्था, सडक़ों, नशे के खिलाफ अभियान और अन्य स्थानीय विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की चुनौती रहेगी।