कोरोना में मानवता की मिशाल पेश कर रही केकेवाईबी टीम

रोजेदारों के लिए तैयार कर बांटे स्पेशल खाद्य किट

चूरू,(पीयूष शर्मा)24 मई। वैश्विक महामारी कोरोना की रोकथाम को लेकर लागू देशव्यापी लॉक डाउन के दौरान युवाओं की एक टीम है जो दिन-रात जनसेवा में जुटी है।

जी हां हम बात कर रहे हैं कायमखानी यूथ ब्रिगेड टीम केकेवाईबी की। अल सुबह से शाम तक जरूरतमंदों तक पहुंचना और उन्हें भोजन के पैकेट बांटना, रोजेदारों को इफ्तारी के लिए खाद्य सामग्री किट देना, प्रवासीजनों के भोजन का इंतजाम करना टीम के हर सदस्य की दिनचर्या में शुमार है। चूरू ही नहीं बल्कि शेखावाटी सहित राज्य के अनेक शहरों में मानवता की मिशाल पेश कर रही टीम सर्वसमाज की मदद में दिनरात जुटी है। टीम के सक्रिय कार्यकर्ता आसिफ टीपू खान ने बताया कि लॉक डाउन की शुरुआत से जुटी टीम लगातार जनसेवा को अंजाम दे रही है। इंसानियत की मदद में जुटी टीम ने ईद के मौके पर जरूरतमंद रोजेदारों के लिए स्पेशल खाद्य सामग्री किट तैयार किए हैं। जो घर-घर जाकर बांटे जा रहे हैं।

जयपुर-झुंझुनूं सहित इन शहरों में कर रहे जनसेवा
टीम के युवा चूरू के अलावा फतेहपुर(सीकर) में कायम रसोई चला रहे हैं। इसके अलावा जयपुर, जोधपुर, सरदारशहर, डीडवाना, राजगढ़, सुजानगढ़ व झुंझुनूं आदि शहरों में युवा अपने इस काम को अंजाम दे रहे हैं।

ईद के बाद नहीं लेगी टीम आर्थिक सहयोग
जनसेवा के लिए टीम को सर्वसमाज के लोगों ने आर्थिक सहायता दी है। टीम ने एक राय होकर सार्वजनिक तौर पर कहा है कि ईद के बाद आर्थिक सहायता राशि नहीं ली जाएगी। लॉक डाउन जारी रहने तक जनसेवा का ये काम निरंतर जारी रखा जाएगा।

प्रवासियों को मुहैया करवाया भोजन
चूरू से टीम में शामिल आसिफ टीपू खान ने बताया जरूरतमंदों व रोजेदारों के अलावा बाहर से आ रहे प्रवासियों को भी लगातार खाने के पैकेट व राशन मुहैया करवाया जा रहा है। फतेहपुर से डा असलम नूर खान ने बताया कि फतेहपुर में सुबह-शाम एक हजार से अधिक लोगों तक भोजन के टिफिन पहुंचाए जा रहे हैं। सीकर से फारूख कासली ने बताया कि दूर-दराज से पैदल चल कर पहुंच रहे मजदूरों को भोजन मुहैया करवाने के अलावा सुबह-शाम 700 से ज्यादा लोगों को खाने के पैकेट घर-घर जाकर दिए जा रहे हैं।

You might also like