रैगिंग पर सख्ती : जेजेटी यूनिवर्सिटी में विद्यार्थियों ने ली शपथ, सुरक्षित माहौल का दिया संदेश

सुरेंद्र शर्मा
झुंझुनूं (नवयत्न)। जेजेटी यूनिवर्सिटी में एंटी-रैगिंग जागरूकता सप्ताह के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को रैगिंग के खिलाफ जागरूक करना और विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षित एवं सम्मानजनक माहौल बनाए रखना रहा। एंटी-रैगिंग वीक के तहत 12 से 18 अगस्त तक विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. अंशु शर्मा के स्वागत भाषण से हुई। इसके बाद वक्ताओं ने विद्यार्थियों को रैगिंग के नुकसान और इसे रोकने के लिए किए जाने वाले प्रयासों की जानकारी दी। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से कहा कि किसी भी तरह की रैगिंग को सामान्य न समझें और घटना की जानकारी तुरंत संबंधित समिति को दें। यूनिवर्सिटी की प्रेसिडेंट डीआर मधु गुप्ता ने कहा कि रैगिंग पूरी तरह प्रतिबंधित है। प्रत्येक विद्यार्थी को बिना डर के सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल में पढ़ाई करने का अधिकार है। उन्होंने विद्यार्थियों को रैगिंग से होने वाले शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक नुकसान के बारे में बताया। साथ ही रैगिंग में शामिल पाए जाने पर होने वाली अनुशासनात्मक कार्रवाई की जानकारी दी। इस अवसर पर समिति सदस्य डॉ. अरुण कुमार, डॉ. धर्मेंद्र, डॉ. शुभराम, डॉ. सविता सांगवान, डॉ. नाजिया हुसैन, डॉ. विनीता, डॉ. अंशू शर्मा सहित विद्यार्थी और स्टाफ मौजूद रहे।
नियमों और शिकायत प्रक्रिया की दी जानकारी
एंटी-रैगिंग समिति की ओर से विद्यार्थियों को रैगिंग से जुड़े नियमों और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई गई। विद्यार्थियों को किसी भी घटना की सूचना बिना डर के देने और जरूरत पड़ने पर अपने साथियों की मदद करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और स्टाफ ने एंटी-रैगिंग शपथ ली। सभी ने विश्वविद्यालय परिसर में अनुशासन, आपसी सम्मान और सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया। एंटी-रैगिंग कमेटी के प्रभारी डॉ. नितीश कुमार गौतम ने भी विचार रखें।

You might also like