दो चरणों में होगा चुनावी रण, 9 और 11 सितंबर को मतदान, 14 को आएगा परिणाम

अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। नगर निकाय चुनाव को लेकर जिले में अब सियासी हलचल तेज होने लगी है। झुंझुनूं के 19 नगर निकायों में चुनाव दो चरणों में होंगे। कुल 515 वार्डों में पार्षद पद के लिए मुकाबला होगा। पहले चरण में 10 निकायों के 280 और दूसरे चरण में 9 निकायों के 235 वार्डों में मतदान कराया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग के अनुसार जिले में दो चरणों में मतदान कराया जाएगा। पहले चरण में 9 सितंबर और दूसरे चरण में 11 सितंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 27 अगस्त को लोक सूचना जारी होगी। नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त है। 1 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। प्रत्याशी 3 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक नामांकन वापस ले सकेंगे। चार सितंबर को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। दोनों चरणों की मतगणना 14 सितंबर को होगी। वहीं अध्यक्ष पदों के लिए 21 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद उसी दिन मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा। चुनावी तस्वीर सामने आते ही वार्डों में दावेदारों की सक्रियता बढ़ने लगी है और राजनीतिक दल भी अपने स्तर पर संभावित प्रत्याशियों के नामों को लेकर मंथन में जुट गए हैं।
पहले चरण में यहां होगा चुनाव
पहले चरण में बुहाना, पिलानी, चिड़ावा, सिंघाना, मंड्रेला, विद्याविहार, सूरजगढ़, मंडावा, बिसाऊ और मलसीसर नगर पालिका शामिल हैं। इन निकायों में कुल 280 वार्ड हैं। इनमें चिड़ावा में सबसे अधिक 45 वार्ड हैं। सिंघाना में 35, जबकि मंड्रेला, विद्याविहार, सूरजगढ़, मंडावा और बिसाऊ में 25-25 वार्ड हैं। बुहाना और मलसीसर में 20-20 वार्ड हैं।
दूसरे चरण में इन निकायों में होगा
दूसरे चरण में नगर परिषद झुंझुनूं, नवलगढ़, उदयपुरवाटी, सुलताना, मुकुंदगढ़, खेतड़ी, बगड़, जाखल और डूंडलोद शामिल हैं। इन 9 निकायों के 235 वार्डों में चुनाव होंगे। इस चरण में नवलगढ़ में सबसे अधिक 45 वार्ड हैं। उदयपुरवाटी में 35, सुलताना, मुकुं दगढ़ और खेतड़ी में 25-25 तथा बगड़, जाखल और डूंडलोद में 20-20 वार्ड हैं।

You might also like