न्यू राजस्थान पब्लिक स्कूल में डांडिया नृत्य की धूम, विद्यार्थियों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां
विनोद प्रजापति
बिसाऊ (नवयत्न)। न्यू राजस्थान पब्लिक स्कूल, बिसाऊ में नवरात्रि के पावन अवसर पर डांडिया एवं गरबा नृत्य कार्यक्रम का हर्षोल्लास के साथ आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां दुर्गा की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान मां दुर्गा से सभी के सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पारंपरिक एवं आकर्षक परिधानों में सजकर गरबा और डांडिया नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। संगीत की मधुर धुनों और डांडिया की ताल पर विद्यालय परिसर उत्सवमय हो उठा। विद्यार्थियों के उत्साह, उमंग और शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
भारतीय संस्कृति और परंपराओं की दिखी झलक
डांडिया कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं का सुंदर प्रदर्शन किया। इस आयोजन ने विद्यार्थियों में आपसी सहयोग, सामूहिक सहभागिता और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना को प्रोत्साहित किया। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक गतिविधियां भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे आयोजनों से बच्चों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और छिपी हुई प्रतिभाओं को निखरने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम के दौरान पूरा विद्यालय परिसर भक्ति, संगीत और उल्लास के रंगों में रंगा नजर आया। अंत में सभी ने मिलकर नवरात्रि पर्व की खुशियां साझा की।