सूखा प्रभावित घोषित करने एवं खरीफ फसलों की विशेष गिरदावरी करने की मांग
सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न)। भारतीय किसान संघ ने जिला कलेक्टर के नाम उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन देकर तहसील तारानगर को सूखा प्रभावित घोषित करने एवं खरीफ फसलों की विशेष गिरदावरी के आदेश जारी करने की मांग की है। संघ ने ज्ञापन देकर बताया कि तारानगर क्षेत्र में इस वर्ष मानसून के दौरान पर्याप्त वर्षा नहीं होने के कारण खरीफ फसलों पर अत्यंत प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। वर्षा के अभाव में खेतों में खड़ी फसलें सूखने की स्थिति में हैं तथा अनेक क्षेत्रों में फसलें पूर्णत: नष्ट हो चुकी हैं। वर्षा की भारी कमी के कारण किसानों को फसल उत्पादन में व्यापक नुकसान हुआ है। वर्तमान परिस्थितियों में समय रहते प्रशासनिक स्तर पर फसलों की वास्तविक स्थिति का सर्वेक्षण एवं आकलन नहीं किया गया तो प्रभावित किसानों को मिलने वाली राहत एवं सहायता में कठिनाई उत्पन्न हो सकती है। अत: भारतीय किसान संघ, जिला चूरू, किसान हित में तहसील तारानगर को वर्तमान वर्षा एवं फसल स्थिति के आधार पर सूखा/अकाल प्रभावित क्षेत्र घोषित करने हेतु आवश्यक कार्यवाही तत्काल प्रारम्भ की जावे। तहसील क्षेत्र में खरीफ फसलों को हुए नुकसान की विशेष गिरदावरी तत्काल करवाने के आदेश जारी किये जावें तथा प्रत्येक गांव एवं खेत की वास्तविक स्थिति का निष्पक्ष एवं पारदर्शी सर्वे करवाया जावे। फसलों की वास्तविक स्थिति एवं संभावित उत्पादन में कमी का वैज्ञानिक आकलन करने हेतु नियमानुसार क्रॉप कटिंग प्रयोग तत्काल प्रारम्भ करवाये जावें। गिरदावरी एवं फसल नुकसान के सर्वे में किसानों की वास्तविक स्थिति को मौके पर जाकर दर्ज करवाया जावे तथा किसी भी प्रभावित किसान का नाम एवं फसल नुकसान सर्वे से वंचित नहीं रहे, यह सुनिश्चित किया जावे। फसल खराबे की रिपोर्ट तैयार कर राज्य सरकार को तत्काल भिजवाई जावे, ताकि प्रभावित किसानों को नियमानुसार आपदा राहत, फसल बीमा एवं अन्य पात्र राहत योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। इस मौके पर जिला कार्यकारिणी सदस्य अंकुर कुलहरि, तहसील अध्यक्ष महावीर प्रसाद, रेवन्त लाटा, रामकिशन आदि पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।