देवरोड़ स्टेडियम का खिलाड़ी बंटी जापान में खेलेगा
विजेन्द्र सिंह लमोरिया
चिड़ावा (नवयत्न)। देवरोड़ स्टेडियम के पैरा एथलीट बंटी का जापान में होने वाले 2026 पैरा एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम में चयन हुआ है। बंटी एथलेटिक्स की हाई जंप स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करेगा। प्रशिक्षक जय सिंह धनखड़ ने बताया कि थिरपाली बड़ी निवासी बंटी पिछले करीब पांच साल से देवरोड़ स्टेडियम में प्रशिक्षण ले रहा है। लकड़ी की कारीगरी करने वाले पिता सुमेर सिंह के बेटे बंटी ने सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत और निरंतर अभ्यास से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। बंटी 2024 में मोरक्को में आयोजित वर्ल्ड ग्रां प्री में कांस्य पदक जीत चुका है। हाल ही में दिल्ली में हुई वर्ल्ड एथलेटिक्स प्रतियोगिता में उसने छठा स्थान हासिल किया। वर्तमान में वह विश्व रैंकिंग में पांचवें और एशिया में तीसरे स्थान पर है।