टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत कर्मचारियों की डिजिटल स्कैनिंग

निसं
खेतड़ी नगर (नवयत्न) । प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत चल रहे 100 दिवसीय विशेष अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को केसीसी प्रोजेक्ट के प्रशासनिक भवन में स्थायी व ठेका कर्मचारियों की डिजिटल स्कैनिंग की गई। शिविर में पोर्टेबल डिजिटल एक्स-रे मशीन के माध्यम से उच्च जोखिम वाले कर्मचारियों की जांच की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केसीसी कार्यपालक निदेशक जीडी गुप्ता रहे, जबकि अध्यक्षता बीसीएमओ डॉ. हरीश यादव ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में महाप्रबंधक (मानव संसाधन) एस. शिवदर्शी, डॉ. दीपिका खुराना व मुन्नालाल जैदिया मौजूद रहे। अतिथियों ने शिविर का विधिवत रूप से उद्घाटन किया। मुख्य अतिथि जीडी गुप्ता ने कहा कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी से निपटने के लिए समय पर जांच और जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि केसीसी प्रबंधन कर्मचारियों के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है और इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आगे भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे। गुप्ता ने कर्मचारियों से अपील की कि वे जांच में बढ़-चढ़कर भाग लें और किसी भी प्रकार के लक्षण नजर आने पर तुरंत चिकित्सा परामर्श लें, ताकि टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि स्वस्थ कर्मचारी ही किसी भी संस्थान की सबसे बड़ी ताकत होते हैं और सामूहिक प्रयास से ही टीबी जैसी बीमारी को जड़ से खत्म किया जा सकता है। डॉ. दीपिका खुराना ने बताया कि भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के तत्वाधान में 26 मार्च से 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान प्रारंभ किया गया है। अभियान को सफल बनाने के लिए केसीसी प्रोजेक्ट में सभी कर्मचारियों की डिजिटल एक्स-रे मशीन से स्कैनिंग की जा रही है, साथ ही शुगर, बीपी और हीमोग्लोबिन सहित अन्य आवश्यक जांच भी की जा रही है, ताकि संभावित मरीजों की समय रहते पहचान सुनिश्चित हो सके। डॉ. हरीश यादव ने बताया कि जांच के बाद चिन्हित मरीजों की निक्षय आईडी बनाई जाएगी और उन्हें नियमित रूप से दवा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने टीबी के प्रति जागरूक करते हुए सभी से अभियान में सहयोग की अपील की।शिविर में चिकित्सा टीम के डॉ. रजनीश, ब्लॉक हेल्थ सुपरवाइजर नवनीत, मुकुल, रमेश कुमार, मुस्ताक व सुधा शर्मा सहित अन्य कार्मिकों ने सेवाएं दीं।

You might also like