मतदाता को रोकने पर प्रत्याशी और मतदाता में विवाद, कुछ देर बाधित रहा मतदान
निसं
बीदासर (नवयत्न)। नगरपालिका आम चुनाव के तहत शुक्रवार को बीदासर में मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। हालांकि मतदान के दौरान वार्ड नंबर 1 में एक मतदाता को मतदान से रोके जाने को लेकर निर्दलीय प्रत्याशी और मतदाता के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद कुछ देर के लिए मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई। सूचना मिलने पर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया। इसके बाद मतदान प्रक्रिया पुन: सुचारू रूप से शुरू कर दी गई। जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 1 के मतदान केंद्र पर मतदाता सूची में क्रमांक 353 पर दर्ज मालाराम मतदान करने पहुंचे थे। इसी दौरान निर्दलीय प्रत्याशी हुक्मीचंद गुर्जर ने उन्हें मतदान करने से रोक दिया। प्रत्याशी का कहना था कि संबंधित मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटाया जा चुका है, इसके बावजूद वह मतदान के लिए पहुंचा था। इसी बात को लेकर प्रत्याशी और मतदाता के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर मतदान केंद्र पर कुछ समय के लिए मतदान प्रक्रिया बाधित रही। सूचना मिलते ही तहसीलदार इंद्राज बारूपाल और डीएसपी सुखदेव चारण मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। इसके बाद मतदान प्रक्रिया दोबारा शुरू कर दी गई।
34 वार्डों में हुआ मतदान
निर्वाचन अधिकारी अमीलाल यादव के अनुसार बीदासर कस्बे में कुल 30,516 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से 21,935 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार नगरपालिका क्षेत्र में कुल 74.08 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। एक वार्ड में प्रत्याशी के निर्विरोध निर्वाचन के कारण शेष 34 वार्डों में मतदान हुआ।
वार्ड 24 में सर्वाधिक, वार्ड 2 में सबसे कम मतदान
मतदान प्रतिशत के आंकड़ों के अनुसार दिए गए वार्डवार आंकड़ों में वार्ड नंबर 24 में सबसे अधिक 93.18 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। यहां 880 मतदाताओं में से 820 मतदाताओं ने मतदान किया। वहीं वार्ड नंबर 2 में सबसे कम 48.61 प्रतिशत मतदान हुआ, जहां 1119 मतदाताओं में से 544 मतदाताओं ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके अलावा वार्ड नंबर 10 में 87.11 प्रतिशत, वार्ड 12 में 85.61 प्रतिशत, वार्ड 11 में 84.78 प्रतिशत तथा वार्ड 9 में 84.58 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
मतदान के बाद परिणाम को लेकर बढ़ी उत्सुकता
मतदान समाप्त होने के साथ ही अब प्रत्याशियों और समर्थकों की निगाहें चुनाव परिणाम पर टिक गई हैं। 34 वार्डों में हुए मतदान में भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशियों के बीच मुकाबला रहा। मतदान प्रतिशत और वार्डवार मतदाताओं की भागीदारी के बाद प्रत्याशी अपने-अपने पक्ष में जीत के दावे करते नजर आए। अब मतगणना के बाद ही स्पष्ट होगा कि बीदासर की जनता ने स्थानीय निकाय की कमान किसके हाथों में सौंपी है।