नगरपालिका में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न, 79.52 प्रतिशत रहा मतदान
निसं
सिंघाना (नवयत्न)। नगरपालिका चुनाव के तहत सिंघाना में 35 वार्डों के लिए हुआ मतदान शुक्रवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। कुल 20,630 मतदाताओं में से 16,405 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह नगरपालिका क्षेत्र में कुल 79.52 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। चुनाव में 35 वार्डों के लिए कुल 221 प्रत्याशी मैदान में थे। मतदान के दौरान प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात रहा। अधिकारियों ने मतदान केंद्रों का लगातार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुलिस ने फर्जी मतदान के प्रयास के आरोप में पांच जनों को हिरासत में भी लिया, इसके बाद उन्हें शांतिभंग के मामले में पांबध कर छोड़ दिया गया। नगरपालिका चुनाव में सबसे अधिक मतदान वार्ड 33 में हुआ। यहां कुल 779 मतदाताओं में से 698 मतदाताओं ने वोट डाले। इस वार्ड में मतदान प्रतिशत करीब 89.60 प्रतिशत रहा। वहीं सबसे कम मतदान वार्ड 30 में दर्ज किया गया। यहां कुल 1096 मतदाताओं में से 690 मतदाताओं ने मतदान किया। वार्ड 30 में मतदान प्रतिशत करीब 62.96 प्रतिशत रहा। मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की बड़ी अप्रिय घटना सामने नहीं आई। प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं को लेकर लगातार निगरानी रखी गई। मतदान समाप्त होने के बाद ईवीएम को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित स्थान पर जमा कराया गया। सहायक रिटर्निंग अधिकारी बाबूलाल बिजारणियां ने शांतिपूर्ण मतदान संपन्न होने पर मतदान कर्मियों, पुलिस प्रशासन और सिंघाना नगरपालिका के कर्मचारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से पूरी हो सकी। चुनाव के दौरान एएसपी सुभाष गोदारा, खेतड़ी एसडीएम सुनील कुमार चौहान, बुहाना डीएसपी मंजू चौहान, सहायक रिटर्निंग अधिकारी बाबूलाल बिजारणियां, सीआई सुगन सिंह, खेतड़ी सीआई बुद्धि प्रसाद, सीआई दलीप सिंह, डीएसटी प्रभारी हेमराज मीणा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।