जिला प्रशासन की अपील: लू से बचाव के लिए बरतें सावधानी, जारी की एडवाइजरी

जय जांगिड़

झुंझुनूं (नवयत्न)। भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन एवं सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय ने आमजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने चेताया है कि लू (हीटवेव) जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए समय रहते सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।

 

जारी एडवाइजरी के अनुसार लोगों को दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए, भले ही प्यास न लगे। यात्रा के दौरान पानी साथ रखने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही ओआरएस, छाछ, लस्सी, नींबू पानी, नारियल पानी और आम पन्ना जैसे घरेलू पेयों का सेवन करने को कहा गया है।

 

प्रशासन ने लोगों को हल्के, ढीले और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने, बाहर निकलते समय सिर को टोपी, गमछा या छाते से ढकने तथा धूप का चश्मा और जूते-चप्पल पहनने की सलाह दी है। विशेष रूप से दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच घर के अंदर रहने की हिदायत दी गई है। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों का खास ध्यान रखने को कहा गया है।

 

एडवाइजरी में घर को ठंडा रखने के उपाय भी बताए गए हैं, जैसे दिन में पर्दे बंद रखना और रात में खिड़कियां खोलना। यदि किसी कारणवश बाहर काम करना पड़े, तो सिर, गर्दन और चेहरे पर नम कपड़ा रखने की सलाह दी गई है।

 

वहीं, प्रशासन ने कुछ सावधानियों से बचने को भी कहा है। दोपहर के समय धूप में अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें, भारी या श्रमसाध्य कार्यों से बचें। शराब, चाय, कॉफी और कोल्ड ड्रिंक्स के सेवन से परहेज करने की सलाह दी गई है, क्योंकि ये शरीर में पानी की कमी बढ़ाते हैं। इसके अलावा तला-भुना, मसालेदार और बासी भोजन न करने, नंगे पैर बाहर न निकलने तथा बच्चों और पालतू जानवरों को बंद वाहन में अकेला न छोड़ने की हिदायत दी गई है।

 

प्रशासन के अनुसार लू लगने के प्रमुख लक्षणों में चक्कर आना, उल्टी, तेज बुखार, पसीना न आना और बेहोशी शामिल हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर प्रभावित व्यक्ति को तुरंत छायादार और ठंडी जगह पर लिटाकर शरीर को ठंडे पानी से पोंछें तथा बिना देरी किए नजदीकी अस्पताल ले जाएं।

 

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे इन दिशा-निर्देशों का पालन करें और खुद के साथ-साथ दूसरों को भी लू से बचाव के प्रति जागरूक करें।

You might also like