पुलिस ने लौटाए 10 लाख रुपए के 40 गुमशुदा मोबाइल

निसं
जयपुर (नवयत्न) । दीपावली के अवसर पर जयपुर कमिश्नरेट की साइबर थाना पुलिस ने विशेष अभियान ‘ऑपरेशन रिकवरी’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए गुमशुदा और चोरी हुए 40 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द कर दिए।
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (अपराध) रामेश्वर सिंह और पुलिस उपायुक्त (अपराध) योगेश गोयल के निर्देशन में साइबर थानाधिकारी हेमराज के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने तकनीकी संसाधनों और सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल की मदद से राजस्थान सहित अन्य राज्यों में उपयोग किए जा रहे मोबाइल फोन को ट्रेस किया। वर्ष 2025-26 सहित पिछले एक-दो वर्षों में गुम हुए मोबाइलों की तलाश कर उन्हें बरामद किया गया।
किस्तों पर खरीदे मोबाइल वापस मिलने से खुशी
पुलिस उपायुक्त (अपराध) योगेश गोयल ने बताया कि बरामद मोबाइल बुजुर्गों, महिलाओं, मजदूरों, किसानों, विद्यार्थियों और सरकारी व निजी कर्मचारियों के थे। इनमें कई ऐसे लोग भी शामिल थे, जिन्होंने बड़ी मुश्किल से किस्तों पर मोबाइल खरीदे थे। फोन वापस मिलने पर लोगों ने जयपुर पुलिस का आभार जताया। इससे पहले साइबर थाना पुलिस ‘ऑपरेशन मुस्कान-मोबाइल अभियान’ के तहत 70 मोबाइल फोन, जिनकी कीमत करीब 20 लाख रुपए थी, बरामद कर मालिकों को लौटा चुकी है।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
मोबाइल बरामदगी में सहायक उपनिरीक्षक ओमप्रकाश, हेड कांस्टेबल अमरेश यादव, कांस्टेबल सुरेश कुमार, भूपसिंह, रविन्द्र कुमार और दिनेश कुमार शामिल रहे। इनमें कांस्टेबल रविन्द्र कुमार और दिनेश कुमार की विशेष भूमिका रही।
मोबाइल गुम होने पर यह करें
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर सबसे पहले सिम बंद करवाएं और राजस्थान पुलिस की वेबसाइट पर लॉस्ट आर्टिकल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं। इसके बाद सीईआईआर पोर्टल पर दोनों आईएमईआई नंबर ब्लॉक करवाएं। पुराना या नया मोबाइल खरीदते समय उसका वैध बिल जरूर लें।

You might also like