गांवों में पेयजल संकट, भारतीय किसान संघ ने एक्सईन को ज्ञापन सौंपकर की पेयजल व्यवस्था सुचारू करने की मांग

सुभाष वर्मा
​तारानगर (नवयत्न) । भारतीय किसान संघ ने जल स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिशाषी अभियंता राजेश जांगिड़ को ज्ञापन सौंपकर तारानगर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में पिछले काफी समय से गहराए पेयजल संकट का निराकरण कर गांवों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था सुचारू करने की मांग की है। ज्ञापन में संघ के प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि​ क्षेत्र के बुचावास, सातमील, चूनाराम की ढाणी, तोगावास, लाखनवास, गाजूवास, गडाणा, ढाणा भाकरान सहित दर्जनों गांवों में पिछले 15 से 20 दिनों से पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप है। जहां पानी आ भी रहा है, वहां दबाव (प्रेशर) इतना कम है कि वह अंतिम छोर तक नहीं पहुंच पा रहा है। भीषण गर्मी के बीच ग्रामीण और उनके मवेशी पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे हैं। संघ के प्रतिनिधि मंडल ने भीषण गर्मी व ग्रामीणों की पेयजल आवश्यकता को देखते हुए गांवों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था सुचारू करने की मांग की है। संघ ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि जलदाय विभाग ने इस गंभीर समस्या पर जल्द संज्ञान लेकर जलापूर्ति सुचारू नहीं की, तो भारतीय किसान संघ द्वारा उग्र प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी पूर्णतः प्रशासन की होगी। अधिशाषी अभियंता राजेश जांगिड़ ने आश्वस्त किया कि वर्तमान में जिन गांवों में 15-20 दिनों से जलापूर्ति बाधित है, वहां तुरंत तकनीकी सुधार किया जाएगा। इसके साथ ही चौधरी कुंभाराम आर्य लिफ्ट कैनाल से पानी लेकर संचालित किए जा रहे ‘तारानगर पांडूसर पैकेज’ के कार्यों में तेजी लाकर इसे तय समय सीमा अक्टूबर में पूरा किया जाएगा ताकि क्षेत्र को स्थायी रूप से पेयजल संकट से मुक्ति मिल सकेगी। इस मौके पर भारतीय किसान संघ तारानगर तहसील अध्यक्ष महावीर गुगड़, तहसील प्रभारी डॉक्टर अंकुर कुलेरी, रणजीतसिंह तंवर सहित अनेक किसान प्रतिनिधि व कार्यकर्ता मौजूद थे। ​

You might also like