डीएसपी ने विद्यार्थियों को दिए साइबर सुरक्षा और तनाव मुक्ति के मंत्र
सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न)। एमजेडी महाविद्यालय तारानगर में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना के अभिविन्यास कार्यक्रम के द्वितीय दिवस का सफल आयोजन किया गया। सत्र की शुरुआत में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी गोगराज निठारवाल ने बताया कि आज का सत्र युवाओं को वर्तमान दौर की चुनौतियों के प्रति जागरूक करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस उप अधीक्षक रोहित सांखला उपस्थित रहे। कॉलेज प्रांगण में पधारने पर प्राचार्य डॉ कैलाश चंद्र वर्मा एवं वरिष्ठ संकाय सदस्य डॉ सत्यवती ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर एवं पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत और अभिनंदन किया। मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन किया एवं निकिता एंड ग्रुप ने दीप मंत्र का उच्चारण किया। उप अधीक्षक रोहित सांखला ने उपस्थित स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए साइबर सुरक्षा और साइबर क्राइम के विभिन्न पहलुओं पर बेहद सरल व सहज शब्दों में प्रकाश डाला। उन्होंने वर्तमान डिजिटल युग में होने वाली ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के व्यावहारिक तरीके साझा किए। इसके साथ ही उन्होंने विद्यार्थी जीवन में बढ़ते मानसिक दबाव और नशे के दुष्भावों के बारे में बच्चों से बहुत ही प्रभावी और जीवंत संवाद किया। डीएसपी की सहज और इंटरएक्टिव शैली से प्रेरित होकर विद्यार्थियों ने भी उनसे बेझिझक सवाल पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए उनके द्वारा दी गई सीख को विद्यार्थी जीवन के लिए बेहद लाभदायक बताया। पूरे कार्यक्रम का मंच संचालन कार्यक्रम अधिकारी योगिता द्वारा किया गया। इस गरिमामयी अवसर पर एएसआई लक्ष्मण सिंह, डॉ सरिता, प्रो मनोज कुमार, प्रो रविन्द्र कुमार शर्मा, डॉ नेहा, डॉ कमल कुमार सहित कॉलेज के समस्त संकाय सदस्य एवं स्वयंसेवक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।