दुर्गा पूजा महोत्सव का समापन, आज होगा मूर्ति विसर्जन
निसं
खेतड़ी नगर (नवयत्न)। केसीसी टाउनशिप में विभिन्न स्थानों पर आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव का मंगलवार को धार्मिक अनुष्ठानों के साथ समापन हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं ने हवन में आहुतियां देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। बुधवार को मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। केसीसी टाउनशिप के थर्ड सेक्टर स्थित हनुमान मंदिर में श्री बालाजी सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित नौ दिवसीय दुर्गा पूजा महोत्सव का समापन मंगलवार सुबह 10 बजे हुआ। गौतम अग्रवाल और पूजा अग्रवाल की मुख्य यजमानी में पंडित जितेंद्र शर्मा ने विधिवत पूजा-अर्चना, हवन में आहुतियां देकर धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए। पंडित सुभाष शर्मा ने बताया कि महोत्सव के समापन पर कन्या पूजन कर कन्याओं को प्रसाद ग्रहण करवाया गया। इस दौरान भंडारे का आयोजन भी हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन बुधवार शाम 5 बजे सुभाष मार्केट स्थित दुर्गा बाड़ी मंदिर के पास किया जाएगा। इस मौके पर समाजसेवी बबलू अवाना, महेश सिंघानिया, घीसाराम अग्रवाल, सीताराम, सज्जन मित्तल, अभय सिंह, ओम स्वामी, पुरुषोत्तम शर्मा, बजरंग अग्रवाल, ओम यादव सहित अन्य श्रद्धालुओं ने हवन में आहुतियां दीं और प्रसाद ग्रहण किया। इसी प्रकार दुर्गा बाड़ी मंदिर, सीआईएसएफ लाइन स्थित पहाड़ी शिव मंदिर, आधारशिला और गोठड़ा के मिस्त्री मार्केट में आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव का भी मंगलवार को समापन हुआ।