खेत से विद्युत केबल चोरी, किसान ने दर्ज कराई रिपोर्ट
प्रवीण कुमार योगी
पाटन (नवयत्न) । थाना क्षेत्र के ग्राम काचरेड़ा में एक किसान के खेत से अज्ञात चोरों द्वारा विद्युत केबल चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में काचरेड़ा निवासी नेतराम यादव पुत्र मालीराम यादव ने पाटन थाने में रिपोर्ट देकर कार्रवाई की मांग की है।
रिपोर्ट के अनुसार नेतराम यादव का खेत हसामपुर रोड स्थित है, जहां सिंचाई के लिए कुएं की मोटर तक विद्युत केबल बिछाई गई थी। रविवार सुबह करीब 7 बजे उनके पिता मालीराम यादव मोटर चलाने के लिए खेत पहुंचे तो उन्होंने देखा कि कुएं की मोटर की विद्युत केबल कटी हुई थी। जांच करने पर पता चला कि अज्ञात व्यक्ति खेत से करीब 50 से 60 फीट विद्युत केबल चोरी कर ले गया।
प्रार्थी ने चोरी हुई केबल की कीमत करीब 5 हजार रुपये बताई है। उन्होंने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने केबल चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि इससे पूर्व भी उनके खेत से तीन-चार बार कुएं एवं बोरवेल की मोटरों की विद्युत केबल चोरी हो चुकी है।
पीड़ित किसान ने पुलिस से मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।