खेल मैदान पर वृक्षारोपण के नाम पर अतिक्रमण, युवाओं ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। खेतड़ी उपखंड के ककराय गांव के खेल मैदान में वृक्षारोपण के नाम पर अतिक्रमण किए जाने का आरोप लगाते हुए गांव के युवाओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। युवाओं ने खेल मैदान को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा खिलाड़ियों के लिए खेल सुविधाएं बहाल करने की मांग की। ग्रामीण संजय मीणा के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय पहुंचे युवाओं ने बताया कि ककराय के खेल मैदान में क्षेत्र के युवा नियमित रूप से खेल अभ्यास करते हैं। विशेष रूप से कई युवा सेना, पुलिस सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी के लिए मैदान में दौड़ का अभ्यास करते हैं। युवाओं के लिए मैदान में बनाए गए दौड़ ट्रैक पर कथित तौर पर वृक्षारोपण के नाम पर जगह-जगह गड्ढे खोद दिए गए हैं। युवाओं का आरोप है कि पौधरोपण के लिए किए गए गड्ढों के कारण दौड़ ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गया है। इससे दौड़ का अभ्यास करने वाले युवाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है। युवाओं ने कहा कि वे वृक्षारोपण के विरोध में नहीं हैं बल्कि उनकी मांग है कि पौधरोपण इस तरह किया जाए कि खेल मैदान और दौड़ ट्रैक की उपयोगिता प्रभावित न हो। ज्ञापन में युवाओं ने प्रशासन से खेल मैदान की स्थिति का मौका निरीक्षण करवाने, अतिक्रमण हटाने तथा दौड़ ट्रैक को पूर्व स्थिति में बहाल कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के लिए खेल मैदान महत्वपूर्ण सुविधा है और इसे सुरक्षित रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है। एसडीएम सुनील कुमार चौहान ने युवाओं से ज्ञापन लेकर उनकी समस्याओं को सुना तथा मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। युवाओं ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई। इस मौके पर राजवीर मीणा, प्रदीप कुमार, योगेश कुमार, पवन कुमार, कपिल, मनोज कुमार, रोहित, अंकित, सचिन, लोकेश, रामकिशन, तुलसीराम, रामसिंह, महेंद्र कुमार, प्रशांत सहित अनेक लोग मौजूद थे।