सडक़ हादसे में दिवंगत हवलदार राकेश दूत के परिजनों को 2.83 लाख की सहायता
निसं
बुगाला (नवयत्न)। सडक़ हादसे में जान गंवाने वाले कोलसिया निवासी भारतीय सेना के शिक्षक अनुदेशक हवलदार राकेश दूत के परिवार की मदद के लिए आर्मी एजुकेशन कोर (एईसी) के साथी आगे आए। मंगलवार को एईसी के हवलदार नरेश और संदीप बुगालिया दिवंगत सैनिक के पैतृक आवास पहुंचे और परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान आर्मी एजुकेशन कोर की ओर से परिजनों को 2 लाख 83 हजार रुपए की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा गया। एईसी के जवानों ने कहा कि हवलदार राकेश दूत कर्तव्यनिष्ठ और समर्पित सैनिक थे। उनके असमय निधन से एईसी परिवार ने अपना एक साथी खो दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना और आर्मी एजुकेशन कोर हर परिस्थिति में अपने जवानों के परिवार के साथ खड़ा है। इसी उद्देश्य से परिवार को आर्थिक सहायता दी गई। इस दौरान दिवंगत हवलदार के चाचा-ताऊ सहित परिवार के सदस्य मौजूद रहे। परिजनों ने सहायता के लिए भारतीय सेना और आर्मी एजुकेशन कोर का आभार जताया।