वृक्ष कथावाचक डॉ अशोक कुमार शर्मा का किया अभिनंदन

महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न)। विश्व के प्रथम वृक्ष कथावाचक डॉ अशोक कुमार शर्मा का एसबीएन संस्थान में अभिनंदन, पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। यह जानकारी देते हुए जल बचाओ-जीवन बचाओ, पेड़ लगाओ समिति के ई. प्रदीप धायल व एसबीएन समूह निदेशक डॉ मुकेश बल्डवाल ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय वृक्ष कथावाचक डॉ अशोक कुमार शर्मा का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। डॉ शर्मा विश्व के प्रथम वृक्ष कथा वाचक एवं अंतर्राष्ट्रीय पर्यावरणविद् हैं, जो इस अनूठी पहल के जरिए पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैला रहे हैं। कथा के माध्यम से वृक्षों के धार्मिक, वैज्ञानिक और पर्यावरणीय महत्व को समझाया जाता है तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प दिलाया जाता है। अन्य कथाओं की तरह यहाँ श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में पौधे भेंट किए जाते हैं, ताकि वे पौधरोपण कर पर्यावरण को सुरक्षित रख सकें। डॉ शर्मा ने पर्यावरण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। पर्यावरण संरक्षण को लेकर समाज के सभी वर्गों में जागरूकता आना जरूरी है। पेड़-पौधे लगाना और फिर उसकी देखभाल करना यह सबसे जरूरी है। उन्होंने नवग्रह वाटिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह एक विशेष और पवित्र उद्यान है जिसमें वैदिक ज्योतिष और भारतीय संस्कृति के अनुसार नौ ग्रहों से जुड़े नौ विशिष्ट पेड़-पौधे लगाए जाते हैं। यह वाटिका धार्मिक, आध्यात्मिक, ज्योतिषीय और पर्यावरणीय दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने जल, जमीन, जंगल के विशिष्ट संबंधों की चर्चा करते हुए कहा नदियों का कल-कल संगीत ही हमारा गान है, हरियाली से सजा यह जंगल ही हमारा मान है। मिट्टी की सोंधी खुशबू से जुड़ी है हर साँस यहाँ जल, जंगल और जमीन ही हमारी असली पहचान है। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ् माधव सिंह, प्रगतिशील किसान चंद्र मोहन जांगिड़, उपभोक्ता आयोग के पूर्व सदस्य अशोक कुमार पारीक, पूर्व गौसेवा संयोजक प्रहलाद सोमानी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले राजू बागवान का सम्मान किया गया। इस अवसर पर परिसर में एक पौधा भी लगाया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रिंसिपल डॉ सुरेश सामोता, अखिल भारतीय शैक्षिक महासंघ के श्रवण महला, राजेन्द्र बिजारणियां सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग, शिक्षक व विद्यार्थी उपस्थिति रहें।

You might also like