ट्रक से 31 कट्टों से पांच क्विंटल 54 किलो 478 ग्राम डोडापोस्त छिलका बरामद

नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न)।  स्थानीय मेगा हाइवे पर पुलिस की नाकाबंदी के दौरान ट्रक को रोककर जब तलाशी ली, तो उसमें 31 कट्टों से पांच क्विंटल 54 किलो 478 ग्राम डोडापोस्त छिलका बरामद हुआ। पुलिस ने ट्रक में सवार दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से डोडापोस्त छिलका व ट्रक को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी अनुसार सब इंस्पेक्टर रतनलाल के नेतृत्व में एएसआई धमेंद्र, कांस्टेबल दौलत, संजय, बजरंगसिंह एवं चालक रोहिताश गश्त करते हुए मेगा हाइवे पर मंडेलिया फार्म हाउस के पास पहुंचे तथा नाकाबंदी शुरू की।
इसी दौरान संगम चौराहे से एक ट्रक आता हुआ दिखाई दिया, जिसने पुलिस की नाकाबंदी को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस की गाड़ी को ट्रक के आगे लगाकर रुकवा लिया तथा ट्रक में सवार लोगों से पूछताछ की। इन लोगों द्वारा संतोषप्रद जबाब नहीं देने पर पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली, तो 31 कट्टों में पांच क्विंटल 54 किलो 478 ग्राम डोडापोस्त छिलका बरामद हुआ। जब मादक पदार्थ के परिवहन संबंधित जानकारी ली, तो इन लोगों के पास कुछ नहीं मिला, जिस पर पुलिस ने मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के रहने वाले 34 वर्षीय चालक आसीन पिजारा एवं 44 वर्षीय खलासी भारतसिंह राजपूत को गिरफ्तार कर कब्जे से डोडापोस्त छिलका व ट्रक को जब्त कर मामला दर्ज किया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच राजलदेसर थानाधिकारी सुरेंद्र कुमार के सुपुर्द की।
You might also like