खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, पांच खाद्य पदार्थों के नमूने लिए

ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न )। राजलदेसर में डॉ. मनोज शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ), चूरू के निर्देशानुसार गुरुवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी रतन गोदारा ने राजलदेसर शहर में प्राप्त शिकायत के आधार पर खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान श्री कृष्णा जनरल स्टोर से सरसों तेल, बेसन एवं चायपत्ती के एक-एक नमूने लिए गए। वहीं बालाजी उद्योग से चीनी बूरा एवं मिक्स अचार के एक-एक नमूने लिए गए। इस प्रकार कुल पांच खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने सभी नमूनों को मौके पर ही विधिवत सील एवं मोहरबंद कर अपने कब्जे में लिया। इन नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के दौरान सभी दुकानदारों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने तथा उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का विक्रय करने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी रतन गोदारा ने बताया कि राजलदेसर क्षेत्र में मिलावटी एवं अमानक खाद्य पदार्थों के विरुद्ध आगामी दिनों में भी इसी प्रकार की जांच एवं कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

You might also like