शहरी सेवा शिविर में वार्ड 31, 32 व 33 के नागरिकों की समस्याओं का हुआ समाधान
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । राज्य सरकार के स्वायत्त शासन विभाग द्वारा संचालित शहरी सेवा शिविर के तहत चलाए जा रहे वार्डवार अभियान के अंतर्गत गुरुवार को नगर पालिका परिसर में वार्ड संख्या 31, 32 एवं 33 के लिए शिविर का आयोजन किया गया। अधिशाषी अधिकारी सहदेव दान चारण के निर्देशन में आयोजित शिविर में आमजन की विभिन्न समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया। शिविर के दौरान कृषि भूमि से संबंधित 3 प्रकरण, 69-क के तहत 1 प्रकरण, जन्म प्रमाण पत्र के 10 आवेदन, पेंशन योजना के 5 आवेदन, जन आधार के 8 प्रकरण, आधार सीडिंग के 4 तथा साफ-सफाई संबंधी 2 आवेदनों का निस्तारण किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा भी शिविर में सेवाएं प्रदान की गईं। विद्युत विभाग ने 2 तथा जलदाय विभाग ने 3 समस्याओं का समाधान किया। चिकित्सा विभाग की ओर से 85 आमजन का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। इसके अलावा पालनहार योजना के तहत आवेदन प्राप्त कर 4 सत्यापन किए गए तथा मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के लिए 1 आवेदन चिन्हित किया गया।
इस अवसर पर नगर पालिका के फायरमैन हुकुम सिंह सहित अर्जुन सिंह, गोविन्द, चन्दन सिंह, पायल सैन, महेन्द्र कुमार भार्गव, लोकेश शर्मा, निर्मल, महेन्द्र मारू, राजकुमार एवं अन्य पालिका कर्मचारी उपस्थित रहे।