वन क्षेत्र में वन विभाग का हरियाली को लेकर प्रयास, वन क्षेत्र में ड्रोन से किया सीड बॉल्स का छिड़काव
निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । खेतड़ी वन क्षेत्र में वन विभाग ने पर्यावरण संरक्षण और वन क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने की दिशा में एक अभिनव पहल करते हुए मेहाड़ा वन क्षेत्र में ड्रोन की सहायता से सीड बॉल्स (बीज गेंदों) का छिड़काव किया। इस आधुनिक तकनीक के माध्यम से दुर्गम और ऊबड़-खाबड़ क्षेत्रों में भी आसानी से बीज पहुंचाए गए, जिससे भविष्य में प्राकृतिक रूप से पौधों के विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
क्षेत्रीय वन अधिकारी सुनील कुमार चौधरी ने बताया कि वन विभाग लगातार वन क्षेत्र के संरक्षण एवं विस्तार के लिए नई तकनीकों का उपयोग कर रहा है। इसी क्रम में मेहाड़ा वन क्षेत्र में ड्रोन के माध्यम से सीड बॉल्स का छिड़काव किया गया। उन्होंने बताया कि सीड बॉल्स में विभिन्न प्रजातियों के पौधों के बीज सुरक्षित तरीके से मिट्टी और जैविक पदार्थों के साथ तैयार किए जाते हैं। बारिश के दौरान अनुकूल वातावरण मिलने पर ये बीज अंकुरित होकर नए पौधों का रूप लेते हैं, जिससे प्राकृतिक रूप से वन क्षेत्र का विस्तार होता है। उन्होंने कहा कि पारंपरिक तरीके की तुलना में ड्रोन तकनीक से कम समय में अधिक क्षेत्र को कवर किया जा सकता है। इससे श्रम की बचत होने के साथ-साथ उन स्थानों तक भी बीज पहुंचाना संभव हो जाता है, जहां सामान्य रूप से पहुंचना कठिन होता है। विभाग की टीम ने पूरे अभियान की निगरानी करते हुए सफलतापूर्वक छिड़काव कार्य संपन्न कराया। वन विभाग की इस पहल को क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी विभाग के इस नवाचार की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि ऐसी आधुनिक तकनीकों के उपयोग से वन क्षेत्र में हरियाली बढ़ेगी, जैव विविधता को संरक्षण मिलेगा तथा आने वाले वर्षों में पर्यावरण संतुलन को मजबूत करने में मदद मिलेगी। इस अभियान के दौरान वनरक्षक सुमेर सिंह, महिपाल सिंह रिणवा, अजय सोनी सहित वन विभाग के कर्मचारी शामिल थे।