दो शहीद अजय सिंह ओर बिजेंद्र सिंह का द्वितीय शहादत दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया, युवाओं को प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने का आह्वान
निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । सिंघाना थाना क्षेत्र के भैसावता कलां व डूमोली खुर्द में जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में आतंकियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए वीर सपूत अजय सिंह व बिजेंद्र सिंह का द्वितीय शहादत दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इसके बाद शहीद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में देशभक्ति के नारों के बीच उपस्थित लोगों ने शहीद के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि सभा में सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल सुरेश जांगिड़ ने कहा कि शहीदों का बलिदान देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है और राष्ट्र उनकी वीरता एवं सर्वोच्च बलिदान को सदैव याद रखेगा। झुंझुनूं जिले को वीरो की भूमि के नाम से जाना जाता है, यहां के बच्चों को जन्म से देश सेवा के लिए प्रेरित किया जाता है। सैनिकों की बदौलत देश में झुंझुनूं का नाम सबसे ऊपर माना जाता है। दोनों जवान अजय सिंह व बिजेंद्र सिंह भारतीय सेना की 6 राजपूत रेजीमेंट में थे। 15 जूलाई 2024 को डोडा जिले के उबारकी क्षेत्र में आतंकियों से मुठभेड़ में वीरगति को प्राप्त हो गए थे। कार्यक्रम के दौरान भैसावता कलां में कार्यक्रम में जीवन ज्योति चैरिटेबल ट्रस्ट के द्वारा रक्तदान का शिविर लगाया गया जिसमें युवाओं ने 51 यूनिट रक्तदान किया। इस दौरान शहीद पिता कमल सिंह, माता सिलोचना कंवर, भाई कर्ण सिंह, गिरवर सिंह व डूमोली खुर्द में शहीद के पिता रामजीलाल, माता धोली देवी, वीरांगना अंकिता तथा भाई दशरथ सिंह सहित परिजनों ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में रतन सिंह तंवर, शिवराज सिंह राठौड़, वर्षा सोमरा, सुखबीर मील, प्यारेलाल, बिरजू सिंह, सुनील नरूका, ओमप्रकाश सिंह, एएसआई भगवती प्रसाद शर्मा, सूबेदार हेमसिंह नरूका, भगवान राम जांगिड़, पूर्व सरपंच मेहरचंद, भूपेंद्र गुलझारी, पूर्व सरपंच रामसिंह, बिहारीलाल, रोताश, शिवकुमार, बालाराम, अशोक डीलर, रामकरण, रामनिवास, कमलेश, कैलाश, सत्यवीर, हरकेश, संजय जांगिड़, सचिन, राहुल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहें।