राजकीय सम्मान के साथ वन अधिकारी नायक का किया अंतिम संस्कार

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। इटावा में ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में निधन हुए लाडनूं क्षेत्र के मंगलपुरा गांव निवासी भारतीय वन सेवा अधिकारी विकास नायक का गुरुवार को उनके पैतृक गांव मंगलपुरा में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। विकास नायक वर्तमान में उत्तर प्रदेश के इटावा में प्रभागीय वन अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई थी। हादसे की खबर मिलते ही मंगलपुरा सहित पूरे लाडनूं क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी। गुरुवार सुबह विकास नायक की पार्थिव देह उनके पैतृक गांव मंगलपुरा पहुंची। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, वन विभाग एवं पुलिस अधिकारी तथा गणमान्य लोग शामिल हुए। सबसे भावुक कर देने वाला दृश्य उस समय सामने आया, जब विकास नायक की पत्नी अंजु देवी और दोनों बेटियां सोनम व मोनिका ने अर्थी को कंधा देकर उन्हें अंतिम विदाई दी। यह दृश्य देखकर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गई। अंतिम संस्कार के दौरान लाडनूं विधायक मुकेश भाकर, भाजपा नेता करणी सिंह, सीओ जितेंद्र सिंह चारण, एसएचओ शिंभू दयाल सहित पुलिस के जवान मौजूद रहे। पुलिस जवानों की मौजूदगी में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। राजकीय सम्मान के साथ मंगलपुरा श्मशान भूमि में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
ड्यूटी के दौरान हादसे ने छीन ली जिंदगी
जानकारी के अनुसार 29 सितंबर की सुबह करीब 10:30 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर नाला खंगर क्षेत्र के सामने एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में पहुंच गई और विकास नायक की कार से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि विकास नायक और उनके चालक देवांश गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।

You might also like