नगरपालिका अध्यक्ष के लिए चार दावेदार
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर शहर की सियासत में हलचल तेज हो गई है। बुधवार को भारतीय जनता पार्टी से निर्मला जांगिड़, कांग्रेस की ओर से परवीन सिसोदिया एवं निर्दलीय प्रत्याशी सुमन कंवर सहित एक हारी हुई प्रत्याशी हसीना बानो ने भी हाईब्रिड सिस्टम के तहत अपना नामांकन फॉर्म दाखिल किया है। चारों प्रत्याशियों ने जब लाडनूं उपखंड कार्यालय पहुंचकर रिटर्निंग ऑफिसर ममता लहुआ के समक्ष नामांकन पत्र पेश किया इसके बाद से लाडनूं में एक अलग ही चुनावी बहस शुरू हो गई। भाजपा की ओर से अध्यक्ष पद प्रत्याशी निर्मला देवी जांगिड़ ने कहा कि भाजपा लाडनूं शहर के विकास के मुद्दों को लेकर अपना बोर्ड बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

वहीं कांग्रेस प्रत्याशी परवीन सिसोदिया ने कहा कि कांग्रेस ने उन पर भरोसा जताया है और वे सभी वार्डों में निष्पक्ष एवं समान रूप से विकास कार्य करवाने को प्राथमिकता देंगी। नामांकन के दौरान भाजपा की ओर से चुनाव प्रभारी रामेश्वर गुर्जर, नितेश माथुर एवं प्रवीण जोशी सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं कांग्रेस की ओर से मुकेश खींची, नदीम बल्खी एवं नौशाद अली सिसोदिया सहित पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।