पाबोलाव में हनुमान पशु मेला परवान पर

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। पंचायत समिति की ओर से प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला प्रसिद्ध हनुमान पशु मेला इन दिनों पूरे परवान पर है। 13 से 18 सितंबर तक आयोजित हो रहे इस मेले में राजस्थान सहित उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और मध्यप्रदेश से बड़ी संख्या में पशुपालक एवं पशु व्यापारी पहुंच रहे हैं। पिछले चार दिनों में मेले में 1520 पशु पहुंच चुके हैं। मेले में मारवाड़ी, नागौरी एवं शेखावाटी नस्ल के बैल-बछड़े, बीकानेरी एवं जैसलमेरी ऊंट, तथा घोड़ा-घोड़ी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। पंचायत समिति के विकास अधिकारी श्रवण कुमार जाखड़ ने बताया कि पशुपालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेले में पेयजल, रोशनी, सुरक्षा और चिकित्सा सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। विभिन्न स्थानों से आने वाले पशुपालकों के लिए बस सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है। अतिरिक्त विकास अधिकारी राधेश्याम सांखला ने बताया कि पाबोलाव मेला मैदान सुजानगढ़-लाडनूं के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित होने के कारण पशुपालकों एवं व्यापारियों के लिए यहां पहुंचना सुविधाजनक है। मेले में उत्कृष्ट नस्ल के पशुओं के पालकों को सम्मानित एवं पुरस्कृत भी किया जाएगा। पशुपालकों के आवागमन के चलते पाबोलाव का मेला इन दिनों पशुधन और ग्रामीण संस्कृति का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।

You might also like