व्यर्थ बहाया जा रहा मीठा पानी

 

 

 

रणवीर सिंह 

चनाना (नवयत्न)। क्षेत्र के गांव चनाना में एक तरफ जहां कई वार्डों में पेयजल संकट बना हुआ है, वहीं दूसरी ओर कुछ दुकानदारों द्वारा मीठे पानी की खुलेआम बर्बादी किए जाने का मामला सामने आया है। गांव के बस स्टैंड क्षेत्र में बुधवार सुबह जलदाय विभाग की पानी सप्लाई शुरू होते ही कुछ दुकानदार अपनी दुकानों की धुलाई और सड़क पर मीठे पानी का छिड़काव करते नजर आए।

जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 07:00 बजे जलदाय विभाग के कर्मचारियों द्वारा पानी की सप्लाई शुरू की गई। इसके बाद बस स्टैंड से चारावास जाने वाली सड़क के आसपास स्थित कुछ दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकानों के सामने मीठे पानी से धुलाई शुरू कर दी। दुकानदारों ने दुकानों के सामने बने चबूतरों एवं सड़क पर भी मीठे पानी का छिड़काव किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब एक घंटे तक लगातार मीठे पानी से दुकानों और सड़क पर पानी बहाया गया। वहीं दूसरी ओर गांव के कई वार्डों में लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं तथा पर्याप्त पानी नहीं मिलने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि बस स्टैंड क्षेत्र में जलदाय विभाग के कुछ अवैध कनेक्शन भी संचालित हैं, जिनके माध्यम से पानी का उपयोग किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि एक ओर आमजन को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर मीठे पानी का इस प्रकार दुरुपयोग किया जाना चिंता का विषय है।

पानी का छिड़काव करते हुए जिन दुकानों के नाम सामने आए हैं, उनमें सैनी जूस सेंटर चनाना, विनोद फैंसी स्टोर एवं मनोहर फैंसी सेंटर शामिल हैं।

ग्रामीणों ने जलदाय विभाग से मामले की जांच कर अवैध कनेक्शनों पर कार्रवाई करने तथा पानी की बर्बादी रोकने की मांग की है।

You might also like