इंतजार शास्त्र से जनता को भ्रमित कर रहे गहलोत: राजेंद्र राठौड़

डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न)। पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि गहलोत “हकीकत शास्त्र” से कोसों दूर हैं और “इंतजार शास्त्र” के जरिए जनता को भ्रमित कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गहलोत अपनी विफलताओं पर पर्दा डालने के लिए बयानबाजी कर रहे हैं।

राठौड़ ने कहा कि गहलोत ने पुत्र मोह में वैभव गहलोत को आगे बढ़ाने के लिए अन्य नेताओं का हक मारा, लेकिन जनता ने उन्हें नकार दिया। उन्होंने कांग्रेस शासनकाल में 4148 घोषणाओं में से 2208 के अधूरे रहने और कोरोना काल में अनियमितताओं के आरोप भी लगाए।

आईपीडी टावर को लेकर राठौड़ ने कहा कि पूर्व सरकार ने बिना पर्याप्त योजना के प्रोजेक्ट शुरू किए, जिन्हें वर्तमान सरकार सुधार रही है। अब तक 23 मंजिल का निर्माण हो चुका है और इसे जनवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि सरकार पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के तहत 92 हजार नौकरियां दे चुकी है और 1.53 लाख पदों पर भर्ती जारी है।

वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में तनाव के कारण पेट्रोलियम कीमतों में बढ़ोतरी स्वाभाविक है, बावजूद इसके केंद्र ने एक्साइज ड्यूटी घटाकर राहत दी है। राज्य सरकार ने गैस आपूर्ति बनाए रखने के लिए हेल्पलाइन शुरू की है और कालाबाजारी पर सख्ती बरती जा रही है।
राठौड़ ने कहा कि प्रदेश की जीएसडीपी 2026-27 में 21.52 लाख करोड़ रुपए तक पहुंचने का अनुमान है और प्रति व्यक्ति आय 2.02 लाख रुपए हो गई है। उन्होंने कहा कि यह समय आरोप-प्रत्यारोप का नहीं, बल्कि एकजुट होकर काम करने का है और कांग्रेस को ओछी राजनीति छोड़नी चाहिए।

You might also like