देशभक्ति के रंग में रंगा ग्लोबल रेजिडेंशियल स्कूल
महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न) । सीकर ग्लोबल रेजिडेंशियल स्कूल परिसर से भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। स्कूल के डायरेक्टर श्याम चौधरी ने स्कूल कैंपस से तिरंगा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।रैली का आयोजन कोऑर्डिनेटर प्रमिला चौधरी एवं प्रिंसिपल कंचन वैष्णव के नेतृत्व में किया गया। रैली स्कूल कैंपस से नाथूसर तक निकाली गई, जिसमें विद्यालय के विद्यार्थी, अभिभावक एवं समस्त स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।इस अवसर पर 3 वीर शहीदों का सम्मान कर देश के लिए उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया गया। शहीदों के सम्मान में विद्यार्थियों एवं स्टाफ में विशेष उत्साह और देशभक्ति का जज्बा देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों द्वारा बच्चों को मिठाई वितरित की गई, जिससे पूरे आयोजन का उत्साह और बढ़ गया।यह तिरंगा रैली विद्यार्थियों में देशप्रेम, राष्ट्रभक्ति एवं शहीदों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने वाली एक प्रेरणादायक पहल रही।शहीदों को शत-शत नमन। तिरंगा हमारी शान है, भारत हमारी पहचान है।