ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारम्भ
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 14 सितम्बर 2026 से 17 सितम्बर 2026 तक श्री जगन्नाथ तापड़िया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, जसवंतगढ़ में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स, जिम्नास्टिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है प्रतियोगिता के उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि एसबीईओ लिछमण राम तथा विशिष्ट अतिथि सुरेश कुमार शर्मा रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रतियोगिता के संयोजक एवं प्रधानाचार्य ओम शंकर गर्वा ने की। इस अवसर पर सहसंयोजक गोपाल सिंह, प्रधानाचार्य एवं सुरेश स्वामी, प्रधानाचार्य सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में कुल 16 विद्यालयों की 34 टीमों के लगभग 150 खिलाड़ियों ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि लिछमण राम ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।