अस्पताल में अव्यवस्थाओं को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश, ज्ञापन सौंपा

निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । बुहाना के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर बुधवार को ग्रामीणों ने विरोध जताया है। इस दौरान ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि अस्पताल में मरीजों को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल रही हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि अस्पताल में आवश्यक दवाइयों का अक्सर अभाव रहता है। कई जांच सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों को निजी लैब में महंगे दामों पर जांच करवानी पड़ती है। इसके अलावा अस्पताल में सोनोग्राफी जैसी महत्वपूर्ण सुविधा भी उपलब्ध नहीं होने से गंभीर मरीजों को अन्य स्थानों पर रेफर किया जाता है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ती है। ग्रामीणो ने बताया कि अस्पताल में चिकित्सकीय सेवाओं में लापरवाही बरती जा रही है। कई मरीजों को बिना प्राथमिक उपचार के ही रेफर कर दिया जाता है, जिससे आमजन में रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार नहीं होने से क्षेत्र की बड़ी आबादी प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने एसडीएम से मांग की कि अस्पताल में आवश्यक दवाइयों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, जांच सुविधाओं का विस्तार किया जाए तथा चिकित्सकीय सेवाओं में सुधार लाया जाए ताकि मरीजों को बेहतर उपचार मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो ग्रामीण अस्पताल के खिलाफ आंदोलन शुरू करने को मजबूर होंगे। एसडीएम ने ग्रामीणों को उनकी मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।

You might also like