एचसीएल ने एमआईसी उत्पादन में सात साल का तोड़ा रिकॉर्ड
2030 तक 12.2 एमटीपीए का लक्ष्य
निसं
खेतड़ी नगर (नवयत्न)। देश की एकमात्र तांबा खनन कंपनी हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल) ने वित्त वर्ष 2025-26 में मजबूत परिचालन प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी ने उत्पादन, बिक्री और परियोजनाओं के विस्तार में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हासिल की है। केसीसी कार्यपालक निदेशक जीडी गुप्ता ने बताया कि एचसीएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक संजीव कुमार सिंह, निदेशक प्रचालन एवं अतिरिक्त प्रभार निदेशक खदान डा. संजीव कुमार सिन्हा एवं निदेशक वित्त आरअीएन विश्वेश्रवर के अथक प्रयासों के चलते एचसीएल ने एमआईसी उत्पादन में पिछले सात वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ते हुए नौ प्रतिशत अधिक उत्पादन किया है। उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में एचसीएल ने 27421 टन मेटल इन कंसंट्रेट (एमआईसी) का उत्पादन किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 9% अधिक है और पिछले सात वर्षों का सर्वाधिक है। वहीं अयस्क उत्पादन 3.67 मिलियन टन रहा, जिसमें 6% की वृद्धि दर्ज की गई। कॉपर एमआईसी की बिक्री भी 27367 टन रही, जो पिछले पांच वर्षों में सबसे बेहतर प्रदर्शन माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि कंपनी ने वित्तिय वर्ष के दौरान कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। जिनमें कर्मचारियों के लिए कल्याणकारी योजनाओं का विस्तार, ‘लाइसेंस टू ऑपरेट’ सॉफ्टवेयर का लागू करना, साथी योजना के तहत नर्सिंग व शिक्षा सहायता की शुरुआत शामिल है। इसके अलावा 1400 करोड़ रुपए से अधिक के कार्य अनुबंध दिए गए और केंडाडीह, कोलिहान व सुरदा खदानों में दोबारा संचालन शुरू किया गया। चांदमारी समेत कई लंबित मंजूरियों में भी प्रगति हुई है। नई तकनीक और ग्रीन प्रोजेक्ट्स पर फोकस, मलांजखंड कॉपर प्रोजेक्ट में पेस्ट फिल प्लांट का उपयोग देश में अपनी तरह का अनूठा कदम है, जिससे सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल खनन संभव हो रहा है। वहीं बैटरी संचालित मशीनों के उपयोग से प्रदूषण कम करने की दिशा में भी पहल की गई है। उन्होंने बताया कि कंपनी भारत और विदेश (चिली) में ग्रीनफील्ड परियोजनाओं पर भी तेजी से काम कर रही है। एचसीएल ने कर्मचारियों और संविदा श्रमिकों के लिए भारतीय स्टेट बैंक के साथ कॉर्पोरेट वेतन पैकेज लागू करने का समझौता किया है, जिससे उन्हें बेहतर वित्तीय सुविधाएं मिलेंगी।
2030 तक 12.2 एमटीपीए का लक्ष्य
एचसीएल 2030 तक 12.2 एमटीपीए का लक्ष्य हासिल करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। एचसीएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक संजीव कुमार सिंह ने बताया कि कंपनी 2030 तक 12.2 मटीपीए खनन क्षमता हासिल करने के लक्ष्य की ओर बढ़ रही है। साथ ही पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि कंपनी भविष्य में परिचालन क्षमता बढ़ाने और ‘नवरत्न’ दर्जा हासिल करने की दिशा में काम कर रही है।