एचसीएल के सीएमडी ने किया केसीसी प्रोजेक्ट का दौरा
निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। खेतड़ीनगर में बुधवार को एचसीएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सीएमडी अनुपम मिश्र ने केसीसी प्रोजेक्ट इकाई का दौरा किया। कॉपर क्लब में केसीसी इकाई प्रमुख पीडी बोहरा एवं खनन निदेशक जीडी गुप्ता ने उनका साफा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। दौरे के दौरान सीएमडी ने केसीसी प्लांट एवं माइनिंग क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा प्रशासनिक भवन में अधिकारियों के साथ बैठक कर उत्पादन, सुरक्षा और कर्मचारी हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उत्पादन और लाभ के साथ-साथ कर्मचारियों के हितों को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। सीएमडी अनुपम मिश्र ने कहा कि जो कर्मचारी सेवानिवृत्ति के बाद भी लंबे समय से कंपनी के साथ कार्य कर रहे हैं, उनके हितों को ध्यान में रखते हुए भी उपयुक्त नीति बनाई जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि कंपनी में उत्पादन बढऩे के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
इस अवसर पर सीएमडी ने केसीसी में नए सॉफ्टवेयर एवं नई क्रेन का उद्घाटन भी किया। वहीं गोठड़ा ग्राम पंचायत की ओर से क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर उन्हें ज्ञापन सौंपा गया। कार्यक्रम में विपिन शर्मा, बिडदूराम सैनी, श्यामलाल सैनी सहित एचसीएल के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।