नाले किनारे बने बाड़े में छिपाता था चोरी के वाहन

निसं 

जयपुर (नवयत्न)। चित्रकूट थाना पुलिस ने शहर में सिलसिलेवार चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के 6 ऑटो रिक्शा, 4 मोटरसाइकिल, 3 कॉमर्शियल गैस सिलेंडर और 8 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपी चोरी के वाहनों और सामान को चित्रकूट नगर क्षेत्र में गंदे नाले के पास बनाए गए एक बाड़े में छिपाकर रखता था। पूछताछ में उसने जयपुर शहर में 25 से अधिक चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है।

डीसीपी (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान रिजवान हुसैन उर्फ असरार (28) निवासी पालड़ी मीणा, जामडोली, हाल निवासी पटेल नगर, खोह नागोरियान के रूप में हुई है। आरोपी करीब छह महीने पहले ही जयपुर सेंट्रल जेल से रिहा हुआ था।

उन्होंने बताया कि पश्चिम जिले में हाल ही में हुई चोरी की वारदातों के खुलासे के लिए चित्रकूट थानाधिकारी विक्रम सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें एक ही संदिग्ध बार-बार नजर आया। हुलिए और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी पहचान रिजवान हुसैन उर्फ असरार के रूप में की गई।

पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह चित्रकूट नगर इलाके में गंदे नाले के पास बने बाड़े में चोरी के वाहन छिपाकर रखता था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वहां से 6 ऑटोरिक्शा, 4 बाइक, 3 कॉमर्शियल गैस सिलेंडर और 8 मोबाइल फोन बरामद किए।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जेल से रिहा होने के बाद उसने जयपुर शहर में 25 से अधिक चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। चोरी के वाहनों को वह बाड़े में छिपाकर रखता था और ग्राहक मिलने पर वाहन या उनके पार्ट्स बेच देता था। चोरी से मिलने वाले रुपयों को वह नशे और मौज-मस्ती में खर्च करता था। पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

You might also like