हाईटेक आईपीएल सट्टे का भंडाफोड़ : 1.90 लाख नकदी सहित बुकी गिरफ्तार
डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न) । जयपुर ग्रामीण जिले की चंदवाजी थाना पुलिस ने आईपीएल सीजन के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में संचालित हाईटेक सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। जहां पुलिस ने अचरोल कस्बे में दबिश देकर आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन हार-जीत का दांव लगवाने वाले एक शातिर बुकी को गिरफ्तार किया है। मौके से 1.90 लाख नकद, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, बैंक दस्तावेज और सट्टे के हिसाब-किताब से जुड़ी डायरी बरामद की गई है। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद ने बताया कि आईपीएल सीजन के दौरान बढ़ रही ऑनलाइन सट्टेबाजी, जुए और साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रणवीर सिंह एवं वृत्ताधिकारी रामकिशन विश्नोई के सुपरविजन में चंदवाजी थानाधिकारी एवं प्रोबेशनर आईपीएस नितिन चौधरी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। इसी दौरान कांस्टेबल रोहिताश बराला को सूचना मिली कि अचरोल के कारीगरों के मोहल्ले में बड़े स्तर पर ऑनलाइन आईपीएल सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने आरोपी के मकान पर ताबड़तोड़ दबिश दी।
पुलिस जब कमरे में पहुंची तो वहां एलईडी टीवी पर लाइव आईपीएल मैच चल रहा था और आरोपी मोबाइल फोन के जरिए हर गेंद और रन पर हार-जीत के दांव लगवा रहा था। कमरे में नकदी, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक और हिसाब-किताब की डायरियां बिखरी पड़ी थीं। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपित
विष्णु कुमार शर्मा (45)निवासी अचरोल थाना चंदवाजी जिला जयपुर ग्रामीण को मौके से गिरफ्तार किया। वहीं तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.90 लाख नकद, तीन एंड्रॉइड मोबाइल, दो साधारण मोबाइल, 40 इंच की एलईडी टीवी, विभिन्न बैंकों के 8 एटीएम कार्ड, 7 बैंक पासबुक, 4 चेकबुक तथा सट्टे के हिसाब-किताब की मुख्य डायरी बरामद की।
पुलिस के अनुसार आरोपी मोबाइल एप्स और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों से ऑनलाइन सट्टा खिलवा रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह लंबे समय से इस अवैध कारोबार में सक्रिय था और आईपीएल मैचों के दौरान लाखों रुपए का लेनदेन कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जुआ अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस आरोपी के नेटवर्क, बैंक खातों, मोबाइल डेटा और उससे जुड़े अन्य सटोरियों की जानकारी जुटाने में लगी है।
वहीं इस कार्रवाई में एएसआई संतोष कुमार, एएसआई लीलाधर, हेड कांस्टेबल सुभाषचंद तथा कांस्टेबल रोहिताश बराला की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि वे ऑनलाइन सट्टेबाजी और अवैध डिजिटल नेटवर्क से दूर रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।