पता पूछने के बहाने कैटरिंग कर्मी से 35 हजार रुपए लूटे

डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न) । ट्रांसपोर्ट नगर थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने एक कैटरिंग कर्मी से 35 हजार रुपए लूट लिए। बदमाशों ने पता पूछने के बहाने युवक को रोका और फिर बाइक पर बैठाकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार भरतपुर जिले के उच्चैन निवासी संगीराम घाटगेट इलाके में किराए से रहकर कैटरिंग का काम करता है। सोमवार सुबह करीब 11:15 बजे वह रोटरी सर्किल पर भरतपुर जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान बाइक पर आए दो युवकों ने उससे एक पते के बारे में पूछताछ की।
बदमाशों ने जगह की जानकारी नहीं होने की बात कहकर संगीराम को बाइक पर बैठाकर साथ चलने के लिए कहा। रास्ते में बातचीत के दौरान जब उन्हें पता चला कि युवक गांव जाने के लिए रुपए लेकर जा रहा है, तो दोनों ने उसे डरा-धमकाकर जेब में रखे 35 हजार रुपए छीन लिए और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने ट्रांसपोर्ट नगर थाने पहुंचकर मामला दर्ज करवाया। पुलिस वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा बाइक सवार बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।

You might also like