हुडको ने 40 स्कूलों को दिए सवा करोड़ के डिजिटल पैनल और डेस्क, पंद्रह हजार विद्यार्थियों को लाभ

श्रीराम तिवाड़ी

नोखा (नवयत्न ) । केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल की पहल पर हुडको ने सीएसआर फंड से सवा करोड़ रुपए की लागत से जिले के 40 सरकारी स्कूलों को इंटरएक्टिव पैनल और ड्यूल डेस्क बांटे। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय सुजानदेसर में आयोजित इस कार्यक्रम से 15,000 विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा। मेघवाल ने स्मार्ट क्लास का उद्घाटन किया और बच्चों में नैतिक मूल्य विकसित करने के लिए अभिभावकों के साथ एक घंटे की विशेष क्लास लेने की घोषणा की। उन्होंने आमजन से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की भी अपील की।

इस दौरान पावर ग्रिड कॉरपोरेशन के सौजन्य से 86 लाख की लागत से निर्मित चार कमरों, एक लाइब्रेरी हॉल व टीन शेड का लोकार्पण तथा समसा से दो शौचालयों का शिलान्यास हुआ। मेघवाल ने बताया कि बीकानेर के 10, श्रीडूंगरगढ़ के 7, लूणकरणसर व कोलायत के 6-6, खाजूवाला व नोखा के 4-4, पांचू व पूगल के 2-2 तथा बज्जू खालसा के 1 स्कूल को यह संसाधन मिले हैं। कार्यक्रम में महामंडलेश्वर सरजू दास महाराज, राम गोपाल सुथार, श्याम पंचारिया, डॉ. सत्य प्रकाश आचार्य, मोहन सुराणा, कन्हैयालाल सियाग, हुडको के क्षेत्रीय प्रबंधक सुधीर भटनागर और भामाशाह प्रेरक पप्पू राम पवार मौजूद रहे।

You might also like