पति, जेठ व देवर ने मिलकर काटी विवाहिता की जीभ
नवरतन वर्मा
चूरू (नवयत्न)। जिले के साहवा थाना क्षेत्र के गांव धीरवास की 42 वर्षीय विवाहिता की पति, जेठ व देवर ने मिलकर जीभ काटने के आरोप का मामला सामने आया हैं। विवाहिता को रविवार दोपहर तारानगर के सरकारी अस्पताल से चूरू के डीबी अस्पताल रैफर किया गया था। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में विवाहिता का ईलाज किया गया।
अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भांजी सुनीता ने बताया कि उसकी मौसी जोधपुर के नीमा नीमड़ी की रहने वाली 42 वर्षीय सीता की शादी करीब 20 साल पहले धीरवास निवासी असमाल नाथ के साथ हुई थी। अभी करीब 20 दिन पहले किसी घरेलू बात को लेकर पति असमाल नाथ, देवर मोड नाथ व जेठ सदानाथ ने ब्लेड से इसकी जीभ काट दी। इसके बाद विवाहिता जोधपुर के नीमनीमड़ी में अपने पीहर चली गयी। जो शनिवार को वापिस ससुराल धीरवास आयी हैं। इसक तीन बच्चे हैं। जिनमें दो लड़के व एक लड़की हैं। इस मामले में साहवा थानाधिकारी जगदीश गोदारा ने बताया कि विवाहिता के साथ यह घटना करीब 20 दिन पहले होनी बतायी हैं। जोधपुर के मंडोर थाना में इसकी जीरो नंबर एफआईआर दर्ज हुई है। जो यहां भेज दी गयी हैं। उन्होंने बताया कि विवाहिता फिलहाल बयान लेने के लायक नहीं हैं। उसका स्वास्थ्य परीक्षण करवाया जायेगा। इसके बाद ही जीभ काटने वाली बात की पुष्टी की जायेगी। पुलिस मामले की गंभीरता के साथ जांच कर रही हैं। उन्होंने बताया कि विवाहिता घुमंतू नाथ समाज हैं। जो घटना होने के बाद अपने पीहर चली गयी। जबकि पुलिस को उसके साथ हुई घटना के बारे में अवगत करवाना चाहिए था।