श्रीराम महायज्ञ में यजमानों ने 62 हजार आहुतियां दीं, संतों-महात्माओं के प्रवचन भी हुए
श्रवण सारस्वत
रींगस (नवयत्न) । सरगोठ गणपति धाम मंदिर में हो रहे 21 कुंडीय श्रीराम महायज्ञ में आहुतियां देते यजमान। सरगोठ गांव स्थित गणपति धाम मंदिर में 21 कुण्डात्मक श्रीराम महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। मानव कल्याण के उद्देश्य से हो रहे इस महायज्ञ में मंगलवार शाम तक यजमानों द्वारा 62 हजार आहुतियां दी जा चुकी हैं। यज्ञ संरक्षक और गणपति धाम मंदिर व सरगोठ के महंत दौलतदास महाराज ने बताया कि यह महायज्ञ 25 मई तक चलेगा। यज्ञकर्ता बाल योगी संत
प्रयागदास महाराज के अनुसार, इसका मुख्य उद्देश्य मानव कल्याण है। महायज्ञ के दौरान रोजाना सुबह 8:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक, दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक यज्ञाचार्य संदीप शर्मा के नेतृत्व में आहुतियां दी जाती हैं।
इसके अतिरिक्त, प्रतिदिन शाम 5 बजे से 7:30 बजे तक संतों के प्रवचन कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें संत-महात्मा भक्तों को आशीर्वाद प्रदान करते करते हैं। श्रीरामचरितमानस का अखंड पाठ
भी इन धार्मिक कार्यक्रमों का हिस्सा है। इस धार्मिक आयोजन में जोहड़ादास आश्रम, महरोली के राममूर्तिदास महाराज, रघुनाथ धाम, खेजरोली के राघवदास महाराज, श्रीराम टेकड़ी धाम, लिसाड़ियां के महात्यागी बालकदास महाराज, पंडित जितेंद्र शर्मा फूलचंद यादव प्रतीक शर्मा गौरव शर्मा लादूराम डूंगेश विश्वकर्मा सहित कई संत-महात्मा और सरगोठ गांव के गणमान्य लोग उपस्थित हैं।