राजपूत राजनैतिक पुनरुत्थान शिविर को लेकर प्रेसवार्ता आयोजित

गजेंद्र सिंह
सरदारशहर (नवयत्न) । सालासर स्थित अग्रवाल एवं हिसार सेवा सदन में 23 व 24 मई को आयोजित होने वाले दो दिवसीय श्री राजपूत राजनैतिक पुनरुत्थान शिविर को लेकर स्थानीय श्री करणी राजपूत छात्रावास में प्रेसवार्ता आयोजित की गई।
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए राजपूत महासभा के तहसील अध्यक्ष विक्रम सिंह बिल्यू ने बताया कि इंजीनियर महावीर सिंह शेखावत झाझड़ के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज की राजनीतिक भागीदारी को बढ़ाना तथा युवाओं में नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। उन्होंने कहा कि शिविर के दौरान समाज के राजनीतिक एवं सामाजिक उत्थान से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा और मंथन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि चुनाव लड़ चुके जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों को वर्तमान राजनीतिक व्यवस्था, संगठनात्मक मजबूती और नेतृत्व कौशल से संबंधित प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। शिविर में ईडब्ल्यूएस (EWS) आरक्षण से जुड़ी विभिन्न विसंगतियों पर विचार-विमर्श होगा, वहीं पंचायत एवं शहरी निकाय चुनावों में आरक्षण लागू करने की मांग को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।
इस अवसर पर राजेंद्र सिंह छाजूसर ने कहा कि यह आयोजन किसी राजनीतिक दल के विरोध का मंच नहीं है, बल्कि समाज के राजनीतिक पुनरुत्थान और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने की एक सकारात्मक पहल है।
प्रेसवार्ता के दौरान तहसील क्षेत्र से अधिक से अधिक राजपूत समाज के लोगों से शिविर में भाग लेने की अपील की गई। साथ ही इच्छुक प्रतिभागियों से अपना पंजीयन विक्रम सिंह बिल्यू के माध्यम से करवाने का आग्रह किया गया।
इस दौरान मुलायम सिंह मीतासर, नरपत सिंह मांगासर, सुल्तान सिंह आसूसर, पप्पू सिंह बादड़ियां, नरपाल सिंह रणसीसर, अनोप सिंह शिमला सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

You might also like