80 लाख की आधुनिक मशीनों का उद्घाटन और भामाशाहों का सम्मान
नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । रतनगढ़ की सेठ सूरजमल जालान राजकीय जिला चिकित्सालय के जनरल सर्जरी विभाग को लेप्रोस्कोपिक सर्जरी सिस्टम, लेजर मशीन, एडवांस्ड एनेस्थीसिया वर्कस्टेशन, ईटीओ स्टेरिलाइजेशन यूनिट, फॉगर, आधुनिक ऑपरेशन टेबल, ब्लड वार्मर, कोटरी जैसे अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों की सौगात मिलने जा रही है। भामाशाह अरुण अजीतसरिया एवं हर्ष अजीतसरिया द्वारा किशन दयाल रामेश्वर लाल चैरिटी ट्रस्ट के माध्यम से उपलब्ध कराए गए 80 लाख रुपए की राशि से अपने पूर्वजों की स्मृति में स्थापित इन मशीनों का लोकार्पण व भामाशाह परिवार का सम्मान समारोह आज रविवार शाम 6 बजे श्री गांधी बाल निकेतन प्रांगण में राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री राजकुमार रिणवा, वरिष्ठ पत्रकार त्रिभुवन, विधायक पूसाराम गोदारा एवं पूर्व विधायक अभिनेष महर्षि के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होगा। इसके साथ ही अस्पताल में जनरल सर्जरी की आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का शुभारंभ हो जाएगा।
उल्लेखनीय है कि क्षेत्र के समाजसेवी एवं शिक्षाविद् स्वर्गीय चम्पालाल उपाध्याय के सेवा कार्यों से प्रेरित होकर सरकारी चिकित्सालयों को आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उनके सुपुत्र एवं श्री गांधी बाल निकेतन के सचिव राजीव उपाध्याय की ओर से संचालित मेडिकल इक्विपमेंट परियोजना के तहत इन मशीनों की स्थापना हुई है।