श्मशान भूमि की चारदीवारी निर्माण कार्य का उद्घाटन
नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । रतनगढ़ की स्थानीय वार्ड संख्या 45 में विधायक कोटे से 10.50 लाख रुपये की लागत से निर्मित खटीक समाज की श्मशान भूमि की चारदीवारी निर्माण कार्य का उद्घाटन विधायक पूसाराम गोदारा ने किया। इस अवसर पर वार्डवासियों एवं समाज के लोगों ने विधायक का स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जगदीश प्रसाद सामरिया ने की।
इस अवसर पर विधायक गोदारा ने कहा कि क्षेत्र का समुचित विकास तथा प्रत्येक वर्ग की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। श्मशान भूमि की चारदीवारी का निर्माण लंबे समय से महसूस की जा रही आवश्यकता थी, जिसे विधायक कोटे से पूरा करवाया गया है। उन्होंने कहा कि विकास किसी एक वर्ग या क्षेत्र तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि समाज के सभी वर्गों को समान रूप से सुविधाएं मिलनी चाहिए।
विधायक ने कहा कि विपक्ष में रहते हुए भी क्षेत्र में पानी, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित जनहित के विभिन्न कार्य करवाए गए हैं। साथ ही विधायक ने खटीक श्मशान भूमि में अन्य विकास कार्य करवाने के लिए 10 लाख रूपये की मौके पर ही घोषणा की गई। नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनावों को लेकर विधायक ने कहा कि सरकार चुनाव करवाने से बचना चाहती थी, लेकिन न्यायालय के दबाव में चुनाव करवाने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगामी नगर निकाय चुनाव कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी। पार्टी द्वारा जिताऊ और टिकाऊ उम्मीदवारों की समीक्षा के बाद ही टिकट दिए जाएंगे। मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए रतनगढ़ में कांग्रेस का बोर्ड बनेगा और बोर्ड के माध्यम से आमजन के कार्य प्राथमिकता से करवाए जाएंगे। कार्यक्रम में पूर्व प्रधान गिरधारी लाल बांगड़वा, अरविंद चाकलान, सुरेंद्र हुड्डा, भंवर जसेल, मुख्तयार खान, ने भी कांग्रेस पार्टी एकजुट होकर चुनाव लड़ने एवं कांग्रेस का बोर्ड बनाने पर अपने विचार व्यक्त किए। इस दौरान भागीरथ खीचड़, जगदीश सोनी, कयूम गौरी, संदीप भार्गव, अब्बास गौरी, जाकिर हुसैन, मनीराम पंवार, डूंगरमल सामरिया, किशन सांखला, ओमप्रकाश खींची, रामचंद्र दायमा, ओम सांखला, प्रहलाद बागोरिया, रेवतमल तोसावड़ा, कालूराम तोसावड़ा मिस्त्री सहित वार्डवासी एवं गणमान्यजन उपस्थित थे।