धूमधाम से मनाया स्वतंत्रता दिवस, छात्राओं ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न)। कस्बे के युवा भारती स्टेडियम में शनिवार को तहसील स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। समारोह का शुभारंभ तहसीलदार प्यारेलाल चावला ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने सामूहिक परेड प्रस्तुत कीए जिसकी अतिथियों ने सलामी ली। समारोह में राजलदेसर के सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों की छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। छात्राओं की शानदार प्रस्तुतियों पर स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा के माध्यम से देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को सम्मानित किया गया। वहीं बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं का भी सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। समारोह में अतिथियों एवं कस्बेवासियों के लिए बैठने की बेहतर व्यवस्था की गई थी। बड़ी संख्या में कस्बेवासियों ने समारोह में भाग लिया और विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का उत्साहपूर्वक आनंद लिया। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सीताराम मीणा ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी कस्बेवासियों का आभार जताते हुए कहा कि कस्बे के लोगों ने प्रत्येक आयोजन में जिस तरह सहयोग दिया हैए वह सराहनीय है। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग बनाए रखने की अपील की। तहसीलदार प्यारेलाल चावला, थाना प्रभारी बेगाराम मीणा एवं अंजू बाला ने भी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर तहसील कार्यालय के शीशराम कस्वां, नगर पालिका के कनिष्ठ अभियंता विकास मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षण संस्थानों के शिक्षक, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में कस्बेवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता रेखाराम एवं जयसिंह ने किया।

You might also like