चलती बस में महिला से गहने पार
डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न) । कालवाड़ थाना क्षेत्र में चलती बस में एक विवाहिता के गहने चोरी होने का मामला सामने आया है। नागौर से जयपुर आ रही महिला को बातों में उलझाकर दो महिलाओं ने उसके पर्स में रखे सोने-चांदी के गहने पार कर लिए। पीड़िता के पति ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर थाने में मामला दर्ज कराया है।
पुलिस के अनुसार नागौर जिले के डीडवाना निवासी श्रवण सिंह (30) ने रिपोर्ट दी है कि 30 अप्रैल को उनकी पत्नी नागौर से जयपुर आने के लिए बस में सवार हुई थी। रास्ते में जोबनेर बस स्टैंड पर बस करीब 15 मिनट तक रुकी। इसी दौरान दो महिलाएं बस में चढ़कर उसकी पत्नी के पास आकर बैठ गईं।
दोनों महिलाएं बातचीत कर जान-पहचान बढ़ाने लगीं और शादी से आने-जाने को लेकर सवाल पूछने लगीं। उन्होंने कंडक्टर को सिंधी कैंप जाने के लिए किराया भी दिया, जिससे किसी को शक न हो।
इसी दौरान बातों में उलझाकर उन्होंने महिला के पर्स में रखे सोने-चांदी के गहने—कान के झुमके, गले का हार, रखड़ी, शीशफूल, चार अंगूठियां और हथफूल—चुपचाप निकाल लिए। कुछ देर बाद एक महिला ने फोन कर किसी को बुलाने का बहाना बनाया और बस रुकवाकर बिना निर्धारित स्टॉप के ही नीचे उतर गईं। महिला को शक होने पर उसने अपना पर्स चेक किया तो गहने गायब मिले। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित महिलाओं की तलाश शुरू कर दी है।