पटवारी चालीस हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार
डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न) । भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की भिवाड़ी टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कोटपूतली-बहरोड़ जिले के भैसलाना तहसील (पावटा) में पदस्थ पटवारी प्रमोद सामरिया को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
एसीबी पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी भिवाड़ी को एक परिवादी द्वारा शिकायत दी गई थी कि उसके पिता की पैतृक जमीन का बंटवारा एसडीएम कोर्ट में पिछले 5-6 वर्षों से लंबित था। इस मामले में एसडीएम कोर्ट ने 20 जून 2025 को परिवादी के पक्ष में निर्णय देते हुए संबंधित पटवारी प्रमोद सामरिया को कुरेजात रिपोर्ट तैयार कर 24 जुलाई 2025 से पहले प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद पटवारी ने रिपोर्ट कोर्ट में पेश नहीं की और इसके एवज में एक लाख रुपए रिश्वत की मांग कर परिवादी को परेशान कर रहा था।
एसीबी ने 29 अप्रैल 2026 को मांग सत्यापन की कार्रवाई की। जिसमें आरोपी पटवारी द्वारा एक लाख रुपए रिश्वत मांगना सामने आया। परिवादी के आग्रह पर आरोपी 80 हजार रुपए में राजी हुआ और इसे तीन किस्तों में लेने की बात तय हुई। पहली किस्त 40 हजार रुपए और शेष राशि दो किश्तों में लेने की सहमति बनी। इसके बाद एसीबी चौकी भिवाड़ी ने उप महानिरीक्षक पुलिस (चतुर्थ) भुवन भूषण यादव के सुपरविजन में प्रभारी परमेश्वर लाल (उप अधीक्षक पुलिस) के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की। टीम ने आरोपी पटवारी को परिवादी से पहली किस्त के 40 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। एसीबी आरोपी से पूछताछ कर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।