जिले में दो पॉजीटिव मिलने से प्रशासन आया हरकत में
रतनगढ़,(नवरतन वर्मा)9 मई। चूरू जिले में तीसरे लोकडाऊन के शुरू होने से पूर्व ही ग्रीन जोन में आने से प्रशासन ने राहत की सांस ली थी व आमजन ने भी खुशी जाहिर की थी लेकिन शुक्रवार को चूरू शहर में दो कोरोना पॉजीटिव मिलने के साथ ही प्रशासन सख्त हुआ एवं उच्च अधिकारियों के निर्देश पर स्थानीय प्रशासन उपखण्ड अधिकारी गौरव सैनी, तहसीलदार फारूकअली सहित पुलिस अधिकारी सतीश यादव मय जाब्ते के साथ मुख्य बाजारों में पैदल गस्त की जिससे एक दफा लोगों में हडकंप मच गयी व तरह तरह की अफवाहें भी बाजार में रही। गस्त के दौरान घंटाघर के पास दो दुकानों पर लगी ग्राहकों की भीड़ व दुकानदार द्वारा लापरवाही बरतने पर उन दुकानों को बन्द करवाया गया। वहीं प्रशासन ने बाजार में कपड़ा, बर्तन, ज्वैलरी, जुते-चप्पल सहित कॉम्पलेक्स में खुली दुकानों को बन्द करवाया। उपखण्ड अधिकारी सैनी ने बताया कि बुक स्टोर एवं मिठाई विक्रेता अपने सामान की होम डिलीवरी कर सकते हैं तथा राशन, जनरल स्टोर, दवा, डेयरी, मोबाईल, पंखे कुलर व बीज भण्डार की दुकानें यथावत खुली रहेगी। वहीं बाजार के समय में किसी भी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया गया है।