भारत विकास परिषद की संयुक्त प्रांतीय कार्यशाला आयोजित

सुरेंद्र शर्मा
सीकर (नवयत्न ) ।  भारत विकास परिषद् राजस्थान उत्तर-पूर्व प्रांत द्वारा जिला सीकर, झुंझुनूं एवं चूरू की संयुक्त प्रांतीय कार्यशाला का आयोजन रविवार, 17 मई को सीकर के एक निजी होटल में उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यशाला में विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर संगठनात्मक गतिविधियों, सेवा कार्यों एवं सदस्यता विस्तार पर गहन चर्चा की। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदे मातरम् के साथ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. एन. एम. गोयल, नगर संघचालक, सीकर ने अपने उद्बोधन में संगठनात्मक एकता, सेवा एवं संस्कार आधारित कार्यों की आवश्यकता पर बल दिया। प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. श्याम अग्रवाल ने परिषद् के संगठनात्मक स्वरूप, नियम एवं कार्यप्रणाली पर प्रेरक मार्गदर्शन प्रदान किया। शाखा अध्यक्ष दिलीप पारीक ने स्वागत भाषण देते हुए सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का अभिनंदन किया।
कार्यशाला में विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ वक्ताओं ने मार्गदर्शन प्रदान किया। राजीव शरण सक्सेना, क्षेत्रीय संयोजक संस्कार ने कार्यशाला के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। सी.ए. राजेंद्र अग्रवाल, रीजन वित्त सचिव ने परिषद् के लक्ष्य, उद्देश्य, दर्शन एवं शाखा पदाधिकारियों की प्रभावी भूमिका पर विस्तृत जानकारी दी।
द्वितीय सत्र में परिषद् की विभिन्न गतिविधियों पर चर्चा हुई। रणवीर सिंह त्यागी, क्षेत्रीय संयोजक संपर्क ने संपर्क विस्तार पर विचार रखे। निरंजन चोटिया, प्रांतीय संयोजक सेवा ने सेवा कार्यों के प्रभावी संचालन की जानकारी दी। राजेन्द्र पारीक, प्रांतीय संयोजक संस्कार ने संस्कार गतिविधियों के महत्व को रेखांकित किया। डॉ. कविता साहनी, क्षेत्रीय संयोजक महिला सहभागिता ने महिला सहभागिता एवं संगठन में महिलाओं की सक्रिय भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। समूह चर्चा सत्रों में जिला समन्वयक गणेश लाल शर्मा सहित विभिन्न पदाधिकारियों ने शाखा विस्तार, सदस्यता वृद्धि, वित्तीय पारदर्शिता एवं गतिविधियों के प्रभावी संचालन पर विचार-विमर्श किया। प्रतिभागियों ने संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का संचालन सुदीप गोयल ने किया। स्थानीय शाखा से कोषाध्यक्ष हेमंत सोनी एवम उमेश कुमार माथुर ने व्यवस्था का जिम्मा संभाला।
समापन सत्र में विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारियों का सम्मान किया गया। शाखा सचिव संजीव पारीक ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

You might also like