मनचलों पर भारी कालिका: पुलिस ने छेड़छाड़ और मारपीट करने वाले असामाजिक तत्वों को दबोचा

डी के सैनी

जयपुर (नवयत्न ) । गुलाबी नगरी में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कालिका यूनिट ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं से बदतमीजी, छेड़छाड़ और मारपीट करने वाले कई असामाजिक तत्वों को सलाखों के पीछे पहुँचाया है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त और कालिका यूनिट की सुपरविजन अधिकारी रानू शर्मा के नेतृत्व में टीम ने शहर के विभिन्न हिस्सों में कार्रवाई की।

सिंधी कैंप इलाका: यहां तैनात कालिका टीम की सुमन, मुन्नी, सतीश और नरेन्द्र ने एक महिला के साथ सरेराह गाली-गलौज और मारपीट करने वाले युवक को रंगे हाथों पकड़कर गिरफ्तार करवाया।

सदर थाना क्षेत्र: टीम की संतोष और घनश्याम ने शराब के नशे में अपनी पत्नी के साथ मारपीट और अभद्रता करने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।

संजय सर्किल: ड्यूटी के दौरान ममता, सुनीता, पूजा, सुमन बाला और रामसिंह की टीम ने बाइक सवार एक ऐसे मनचले को दबोचा, जो राह चलती महिला के साथ बदतमीजी कर रहा था।

अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर योगेश दाधीच ने बताया कि यह यूनिट विशेष रूप से शैक्षणिक संस्थानों, गर्ल्स हॉस्टल्स, पीजी, मॉल्स और पार्कों जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर तैनात रहती है। यह टीम न केवल गश्त करती है, बल्कि निर्भया हेल्पलाइन पर प्राप्त होने वाली शिकायतों पर भी ‘क्विक रिस्पांस’ देती है।
पुलिस प्रशासन ने महिलाओं और बालिकाओं से अपील की है कि वे किसी भी आपात स्थिति या छेड़छाड़ की घटना होने पर निर्भया हेल्पलाइन के इन नंबरों को अपने मोबाइल में ‘निर्भया’ नाम से सेव कर ले। पुलिस का कहना है कि इन नंबरों पर सूचना मिलते ही पास में मौजूद कालिका यूनिट तुरंत मौके पर पहुँच कर सहायता प्रदान करेगी।

You might also like